आपदा में बिखरे 48 परिवारों को जिला प्रशासन ने वितरित की 17 लाख की आर्थिक सहायता;

मा0 मुख्यमंत्री  की प्रेरणा, जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता से आपदा प्रभावितों हेतु वेस्ट वॉरियर्स संस्था ने बढ़ाए सहयोग के हाथ;

देहरादून। रायपुर ब्लॉक के आपदा प्रभावित 48 परिवारों को जिलाधिकारी सविन बसंल ने   ₹17 लाख की आर्थिक सहायता चेक प्रदान किए हैं। जनपद देहरादून के रायपुर ब्लॉक में विगत 15 सितम्बर की रात्रि को हुई अतिवृष्टि एवं बादल फटने की घटना से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा वेस्ट वॉरियर्स संस्था के सहयोग से एक महत्वपूर्ण पहल की गई।

आज कलेक्ट्रेट सभागार, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा रायपुर ब्लॉक के चिन्हित 48 बाढ़ प्रभावित परिवारों को कुल ₹17 लाख की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से वितरित की गई। यह सहायता वेस्ट वॉरियर्स संस्था के सहयोग से प्रदान की गई है।

उल्लेखनीय है कि 15 सितम्बर को हुई भीषण आपदा के उपरांत रायपुर ब्लॉक के कई ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही देखने को मिली थी। इस आपदा में अनेक परिवारों को गंभीर क्षति पहुँची, कुछ परिवारों ने अपने परिजनों को खोया तथा कई परिवारों के आवास पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। ऐसे ही अत्यंत प्रभावित परिवारों के लिए जिला प्रशासन के समन्वय से वेस्ट वॉरियर्स संस्था द्वारा राहत सहायता उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि सितम्बर माह में आई आपदा के दौरान जिला प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ मानकों के अनुसार पीड़ितों को सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि कुछ सामाजिक संस्थाएं एवं एनजीओ आगे बढ़कर मानवीय मूल्यों के साथ जिला प्रशासन का सहयोग करती हैं और जनमानस की सहायता करती हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। जिलाधिकारी ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप भविष्य में भी विभिन्न एनजीओ एवं संगठनों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को उपलब्ध संसाधनों से सहायता प्रदान की जाती रहेगी।

रायपुर ब्लॉक की कार्लीगढ़, धनौला, फूलेत, सरखेत एवं छमरौली ग्राम पंचायतों के चयनित बाढ़ प्रभावित परिवारों को आज जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय, देहरादून में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा राहत राशि वितरित की गई। संस्था द्वारा ₹15,000 प्रति परिवार की सहायता प्रदान की गई, जिसके अंतर्गत आज कुल 48 परिवारों को चेक वितरित किए गए। यह राहत कार्य जिला प्रशासन, जिला पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों एवं वेस्ट वॉरियर्स संस्था के आपसी समन्वय से तैयार की गई सूची के आधार पर किया गया।

वेस्ट वॉरियर्स संस्था के नवीन कुमार सडाना ने बताया कि यह सहायता दानदाताओं एवं शुभचिंतकों के सहयोग से संभव हो पा रही है तथा जैसे-जैसे अतिरिक्त सहायता राशि प्राप्त होगी, उसे चरणबद्ध रूप से अन्य प्रभावित परिवारों तक भी पहुँचाया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ओएनजीसी के जीएम नीरज शर्मा, अरुण सिंह, चंदन सुशील, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, वेस्ट वॉरियर्स संस्था की ओर से मयंक शर्मा, नवीन कुमार सडाना, असलम खान, विनोद सोलंकी, पूजा, मुमकिन है डेवलपमेंट फाउंडेशन की निदेशिका प्रगति सडाना सहित अन्य सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed