जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया तहसील कार्यालय लक्सर का औचक निरीक्षण

तहसील कार्यालय में अपने कार्यों एवं समस्याओं को लेकर आने वाले आमजन की शिकायतों का तत्परता से किया जाए निस्तारण

लंबे समय से लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को पूर्ण समन्वय एवं गंभीरता के साथ संचालित करने के निर्देश

मानसून के दृष्टिगत जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कांवड़ मेले की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

जनपद में संचालित स्वच्छता अभियान में और अधिक तेजी लाकर साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने पर दिया जोर

हरिद्वार,  जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को तहसील कार्यालय लक्सर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, मानसून तैयारियों तथा कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला को निर्देशित किया कि तहसील न्यायालयों में लंबे समय से लंबित राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में अनावश्यक रूप से लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमित समीक्षा की जाए, जिससे आमजन को समय पर न्याय मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील कार्यालय में अपनी समस्याओं एवं विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनकर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही की गुंजाइश न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।
मानसून के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने जलभराव संभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ऐसे सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए। जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करें। यातायात, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेला सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके साथ ही आगामी कांवड़ मेले में लगने वाले भंडारो को एक ही स्थान पर अनुमति न दी जाए इसके लिए उन्होंने कांवड़ मार्ग पर 3-4 किलोमीटर की दूरी पर भंडारे लगाने की अनुमति दिए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनपद में संचालित स्वच्छता अभियान की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि साफ-सफाई अभियान में और अधिक तेजी लाई जाए। सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, कार्यालय परिसरों तथा प्रमुख मार्गों पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला,तहसीलदार दीवान सिंह राणा,खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट,जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित तहसील कर्मचारी मौजूद रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *