जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति पीसीपीएनडीटी ने अल्ट्रासाउंड केंद्रों का किया निरीक्षण
जनपद टिहरी गढ़वाल की जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति, पीसीपीएनडीटी द्वारा मुख्यालय के तीन जिनमें
चंबा का मसीहा अस्पताल, बौराड़ी स्थित जिला चिकित्सालय व नई टिहरी के जिला पशु चिकित्सालय एवं विकासखंड भिलंगना के दो अल्ट्रासाउंड केंद्रों सीएचसी बेलेश्वर एवं उत्तराखंड डायग्नोसिस सेंटर, घनसाली का निरीक्षण किया गया।
समिति द्वारा दोनों संस्थानों में पीसीपीएनडीटी अधिनियम एवं संबंधित नियमों के अनुपालन की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान अल्ट्रासाउंड/सोनोग्राफी से संबंधित अभिलेखों, पंजीकरण संबंधी दस्तावेजों, सहमति प्रपत्रों, रिकॉर्ड के रख-रखाव सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का अवलोकन किया गया।
इसके साथ ही समिति द्वारा पूर्व में सील किए गए उत्तराखंड डायग्नोसिस सेंटर, घनसाली का भी निरीक्षण कर संबंधित अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की जांच की गई।
समिति ने संबंधित संस्थानों के कर्मचारियों को पीसीपीएनडीटी अधिनियम एवं नियमों में निर्धारित प्रावधानों का पूर्ण रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिलेखों एवं आवश्यक दस्तावेजों का नियमानुसार रख-रखाव करने तथा अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप कार्य करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान समिति में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चंदन कुमार, जिला सहायक अभियोजन अधिकारी परवाज अख्तर तथा जिला समन्वयक तनुजा रावत (पीसीपीएनडीटी कार्यक्रम), स्त्री रोग विशेषज्ञ जिला चिकित्सालय बौराडी डॉ. जूही शर्मा, एनजीओ सदस्य मनोज नकोटी एवं सुशील कुमार बहुगुणा उपस्थित रहे।