*🌼माननीय उपराज्यपाल, दिल्ली, श्री तरनजीत सिंह संधू जी एवं पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी की दिव्य भेंट वार्ता*

*💥यमुना की स्वच्छता और जेन जी (युवा पीढ़ी) के भविष्य पर महत्वपूर्ण विमर्श*

*✨यमुना संरक्षण और जेन जी की भूमिका सहित अनेक समसामयिक विषयों पर हुई सार्थक एवं व्यापक चर्चा*

*🌺यमुना जी का पुनर्जीवन हमारी संस्कृति, सभ्यता, स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का संकल्प*

*स्वामी चिदानन्द सरस्वती*

ऋषिकेश/नई दिल्ली। परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू जी से दिल्ली स्थित लोक निवास में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर यमुना नदी की स्वच्छता एवं अविरलता, युवा पीढ़ी (जेन जी ) की भूमिका तथा राष्ट्र के समक्ष उपस्थित अनेक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं पर्यावरणीय विषयों पर अत्यंत सार्थक, आत्मीय और व्यापक चर्चा हुई।

पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि नदियाँ केवल जल की धाराएँ नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार हैं। विशेषकर माँ यमुना दिल्ली की जीवनरेखा हैं। यमुना का संरक्षण केवल किसी एक विभाग, संस्था अथवा सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक राष्ट्रीय एवं नैतिक दायित्व है।

इस अवसर पर सरकार के साथ-साथ जनसहभागिता एवं जनभागीदारी को सशक्त बनाने पर विशेष चर्चा हुई, ताकि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रयास केवल सरकारी योजनाएँ बनकर न रहें, बल्कि जन-जन का संकल्प बनें और एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप लें। यही सामूहिक सहभागिता माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ को धरातल पर सार्थक करने का सशक्त माध्यम बनेगी।

उन्होंने कहा कि जिस नदी के तट पर हमारी संस्कृति ने आकार लिया, जिसने असंख्य पीढ़ियों को जीवन दिया और जो करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, उसे स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यमुना की स्वच्छता के लिए सीवेज का समुचित उपचार, नालों के प्रदूषित जल का शोधन, औद्योगिक अपशिष्ट पर प्रभावी नियंत्रण, प्लास्टिक एवं ठोस कचरे का उचित प्रबंधन तथा नदी के प्राकृतिक प्रवाह का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

पूज्य स्वामी जी ने कहा कि यमुना को स्वच्छ करने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, निरंतर निगरानी और जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सरकार, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं, धार्मिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और आम नागरिकों को एक मंच पर आकर कार्य करना होगा। प्रत्येक व्यक्ति यह संकल्प ले कि स्वयं नदी को प्रदूषित नहीं करे और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करे।

उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ संघर्ष करके मानवता कभी सुखी नहीं हो सकती। प्रकृति के साथ सामंजस्य ही सतत विकास का वास्तविक आधार है। हमारी नदियाँ स्वच्छ हों, हवा निर्मल हो, धरती हरी-भरी हो और आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ पर्यावरण मिले, यही सच्चे अर्थों में विकसित भारत की पहचान होगी।

बैठक में जेन जी अर्थात् नई युवा पीढ़ी की सोच, ऊर्जा, आकांक्षाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी विशेष चर्चा हुई। पूज्य स्वामी जी ने कहा कि आज का युवा केवल भविष्य का नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान का परिवर्तनकारी नेतृत्वकर्ता है। जेन जी के पास तकनीक, नवाचार, रचनात्मकता और वैश्विक दृष्टिकोण की अद्भुत शक्ति है। आवश्यकता है कि इस ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, मानवीय मूल्यों और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।

उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को केवल करियर निर्माण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें चरित्र निर्माण, प्रकृति संरक्षण और समाज के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना होगा। तकनीक के साथ संवेदना, आधुनिकता के साथ संस्कार और सफलता के साथ सेवा का भाव ही एक सशक्त एवं संतुलित समाज का निर्माण कर सकता है। युवाओं को नदियों, जलस्रोतों, वृक्षों और जैव विविधता के संरक्षण से जोड़ना समय की पुकार है।

पूज्य स्वामी जी ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक विरासत हमें वसुधैव कुटुम्बकम् का संदेश देती है। हमारी संस्कृति में धरती माँ है, नदियाँ मातृस्वरूपा हैं, वृक्ष देवतुल्य हैं और समस्त जीव-जगत एक ही परिवार का हिस्सा है। यही भारतीय जीवन दर्शन आज के पर्यावरणीय संकटों का स्थायी समाधान प्रस्तुत करता है। यदि हम अपनी जीवनशैली में प्रकृति के प्रति सम्मान, संयम और संवेदनशीलता को स्थान दें, तो अनेक समस्याओं का समाधान स्वतः संभव हो सकता है।

इस अवसर पर माननीय उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू जी के साथ दिल्ली के पर्यावरणीय एवं सामाजिक परिदृश्य, नागरिक सहभागिता, प्रशासनिक प्रयासों तथा समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि आज आवश्यकता केवल समस्याओं पर चर्चा करने की नहीं, बल्कि सामूहिक संकल्प और ठोस कार्ययोजना के साथ समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की है। उन्होंने आह्वान किया कि आइए, हम सब मिलकर माँ यमुना को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने, दिल्ली को प्रदूषणमुक्त और हरित बनाने तथा युवा पीढ़ी को पर्यावरण एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक बनाने का संकल्प लें।

पूज्य स्वामी जी ने कहा कि नदियाँ बचेंगी तो सभ्यताएँ बचेंगी, प्रकृति बचेगी तो मानवता बचेगी और युवा जागेंगे तो राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल होगा। स्वच्छ यमुना, स्वच्छ वायु और स्वस्थ समाज केवल हमारा सपना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *