पात्र परिवारों को हर हाल में मिले प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने आज प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत जनपद के सभी पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और पात्रता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में भारत सरकार के आवास प्लस ऐप-2024 के माध्यम से कुल 10,219 परिवारों का ऑनलाइन सत्यापन ग्राम पंचायतों में जाकर पूर्ण किया गया है। सत्यापन के उपरांत भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के आवास सॉफ्टवेयर से जनपद रुद्रप्रयाग के कुल 7,106 पात्र परिवारों की प्रतीक्षा सूची (PWL) जनरेट की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन के लिए जनपद के तीनों विकासखंडों की 329 ग्राम पंचायतों में खुली बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें पात्र परिवारों की प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन की प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है। इसके बाद योजना के अंतर्गत तैयार PWL प्रतीक्षा सूची को जनपद की अपीलिएट कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के प्रत्येक चरण में शासन की गाइडलाइन का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहें, इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।