*कुंभ मेला-2027 को लेकर मेला प्रशासन ने की अखाड़ों के साथ बैठक*

*अखाड़ों व साधु-संतों की सम्मति के अनुरूप कुंभ मेला के दिव्य एवं भव्य आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई गई*

*अमृत स्नान पर्वों पर निकाली जाएंगी भव्य पेशवाईयां*

*हरिद्वार।आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका ने सीसीआर भवन में अखाड़ों के श्रीमहंतों एवं प्रतिनिधि संतों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में आगामी कुंभ मेले के दौरान अखाड़ों की व्यवस्थाओं तथा मेले की समग्र तैयारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर अखाड़ों एवं साधु-संतों की सम्मति के अनुरूप कुंभ मेला-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई गई। अखाड़ों की ओर से कहा गया कि अमृत स्नान पर्वों पर परंपरानुसार भव्य पेशवाईयां निकाली जाएंगी।

बैठक में अखाड़ों की छावनी आवंटन, पेशवाई की व्यवस्थाएं, अमृत स्नान की तैयारियां, शिविरों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा अग्नि सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका ने कुंभ क्षेत्र में निर्माणाधीन कार्यों एवं प्रस्तावित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संत समाज को आश्वस्त किया कि कुंभ मेला-2027 को दिव्य एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए राज्य सरकार एवं मेला प्रशासन पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि अखाड़ों की परंपराएं एवं धार्मिक गरिमा कुंभ मेले की आत्मा हैं, अतः सभी व्यवस्थाएं उनकी गरिमा के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी। अखाड़ों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। प्रत्येक अखाड़े से निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने हेतु मेला प्रशासन द्वारा अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मेला अधिकारी ने कहा कि अखाड़ों की छावनियों एवं साधु-संतों के कुंभ शिविरों के लिए भूमि आवंटन की रूपरेखा को एक माह के भीतर अंतिम रूप दे दिया जाएगा। संतों की सम्मति से ही कुंभ मेले की सभी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा तथा कुंभ क्षेत्र में साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता, सुरक्षा एवं स्वच्छता के पर्याप्त एवं प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।

बैठक में श्री निरंजनी अखाड़ा के श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि हरिद्वार में आगामी वर्ष आयोजित होने वाला कुंभ मेला दिव्य एवं भव्य ढंग से आयोजित करने के लिए सभी अखाड़े प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि अमृत स्नान पर्वों पर सभी अखाड़े पूरे धार्मिक वैभव के साथ भव्य पेशवाई का आयोजन करेंगे। इसके लिए परंपरानुसार सभी तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने अखाड़ों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि अखाड़े अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देकर निर्धारित समय पर अपनी छावनियां व्यवस्थित कर सकें। उन्होंने कुंभ क्षेत्र के विस्तार, अखाड़ों की सुरक्षा व्यवस्था तथा कुंभ नगरी के सौंदर्यीकरण के संबंध में भी सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक में श्री जूना अखाड़ा के श्रीमहंत हरि गिरी ने कहा कि आगामी कुंभ मेला के सुव्यवस्थित आयोजन हेतु शासन-प्रशासन स्तर पर की जा रही तैयारियां सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़ों एवं साधु-संतों की सम्मति से कुंभ मेला-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन में सभी अखाड़े पूर्ण सहयोग करेंगे।

उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले में परंपरानुसार अखाड़ों द्वारा धर्मध्वजा की स्थापना के साथ छावनियों की स्थापना, पेशवाई एवं अमृत स्नान की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इन सभी व्यवस्थाओं हेतु अखाड़े मेला प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय बनाए रखेंगे।

उन्होंने सभी सेक्टरों में अखाड़ों एवं साधु-संतों के शिविरों हेतु परंपरानुसार भूमि आवंटन किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। साथ ही, कुंभ मेला के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा मेला सेक्टरों एवं घाटों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के संबंध में भी सुझाव दिए।

बैठक में जूना अखाड़ा के श्रीमहंत नारायण गिरी, महेश गिरी, श्री पंच अग्नि अखाड़ा के श्रीमहंत साधनानंद गिरी, महोदरानंद गिरी, दुर्गा गिरी, कंचन गिरी तथा श्री पंच दशनाम आह्वान अखाड़ा के श्रीमहंत सत्य गिरी, धनराज गिरी सहित अखाड़ों के अन्य प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग कर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए सभी अखाड़े पूर्ण सहयोग करेंगे।

अखाड़ों के प्रतिनिधियों द्वारा छावनी क्षेत्र के समुचित निर्धारण, मार्गों के सुदृढ़ीकरण, स्नान पर्वों के दौरान समुचित सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित किए जाने के संबंध में सुझाव दिए गए।

इस अवसर पर अपर मेला अधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने अखाड़ों के प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कुंभ मेला के सुव्यवस्थित आयोजन तथा साधु-संतों एवं अखाड़ों की सुविधाओं से संबंधित निर्णयों पर तत्परता से कार्रवाई करने के लिए मेला प्रशासन वचनबद्ध है।

बैठक में एसपी सिटी अभय सिंह, उप मेला अधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह गिल, सीओ (ट्रैफिक) बिपेंद्र सिंह, व्यवस्था अधिकारी विकास शर्मा सहित मेला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *