कुंभ मेला तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप एवं कनखल क्षेत्र का किया निरीक्षण

हरिद्वार, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेला प्रशासन द्वारा अवस्थापना विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बुधवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप एवं कनखल क्षेत्र का भ्रमण कर लोक निर्माण विभाग तथा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण, सड़क, सौंदर्यीकरण एवं अन्य अवस्थापना विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने कनखल क्षेत्र में एचआरडीए द्वारा कराए जा रहे फसाड एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए धर्मनगरी हरिद्वार के इस पौराणिक व महत्वपूर्ण क्षेत्र को सजाने-संवारने, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में प्रमुख मार्गों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास बेहतर सौंदर्यीकरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

मेलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ आईरिस सेतु से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम एवं मातृ सदन आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले मार्ग के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 6.74 किलोमीटर लंबाई की इस योजना के लिए राज्य सरकार द्वारा 391.32 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मेलाधिकारी ने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सड़क के किनारे बनाए जाने वाले फुटपाथ को सड़क की सतह से उपयुक्त ऊंचाई पर बनाए जाने तथा मार्ग के आसपास किए गए अतिक्रमण को सख्ती से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के दोनों ओर उपलब्ध स्थानों पर योजनाबद्ध ढंग से सौंदर्यीकरण एवं पौधरोपण कराने को कहा, ताकि क्षेत्र को आकर्षक एवं हरित स्वरूप प्रदान किया जा सके।

मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप एवं दक्षद्वीप के मध्य निर्माणाधीन डबल लेन पुल का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित निगरानी एवं जांच सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पुल का निर्माण मजबूत एवं टिकाऊ तरीके से हो।

इसके पश्चात मेलाधिकारी ने जगजीतपुर फ्लाईओवर का निरीक्षण करते हुए दक्षद्वीप पार्किंग को हरिद्वार बाईपास से जोड़ने के लिए प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दक्षद्वीप पार्किंग को हाईवे की सर्विस लेन से जोड़ने के लिए 44 मीटर लंबाई के अस्थायी पुल के निर्माण का प्रस्ताव है। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान पार्किंग स्थलों तक श्रद्धालुओं एवं वाहनों की आवाजाही सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले के दौरान शिविरों, पार्किंग स्थलों तथा आवागमन के प्रमुख मार्गों को ध्यान में रखते हुए बैरागी कैंप, दक्षद्वीप एवं कनखल क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़कों और पुलों का बेहतर रख-रखाव एवं आवश्यक सुधार कार्य समय रहते पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस दौरान एचआरडीए के सचिव प्रत्यूष सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, सहायक अभियंता मनमोहन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *