*‘‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’’ अभियान के दूसरे दिन भी सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं से हजारों ग्रामीण हुए लाभान्वित*

*मुख्यमंत्री के निर्देश-न्याय पंचायतों में अभियान का सुव्यवस्थित आयोजन कर जन-समस्याओं के निस्तारण में ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि‘ के मूल मंत्र का पूरा ध्यान रखा जाय*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’’ अभियान के दूसरे दिन प्रदेश की अनेक न्याय पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में जन-समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के साथ ही हजारों की संख्या में पात्र ग्रामीणों को 23 विभागों की चिन्हित योजनाओं से मौके पर ही लाभान्वित किया गया।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने अधिकारियों को जन-समस्याओं के निस्तारण के लिए ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि‘ के मूल मंत्र का पूरा ध्यान रखे जाने की हिदायत दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए न्याय पंचायतों में आयोजित होने वाले शिविरों में जन-प्रतिनिधियों के समन्वय से अधिकाधिक जन-सहभागिता सुनिश्चित की जाय। कैम्पों का आयोजन सुव्यवस्थित तरीके से हो। पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं व सेवाओं से लाभान्वित करने के साथ ही यह सुनिश्चित हो कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। जन-समस्याओं की समुचित सुनवाई कर प्रभावी समाधान किया जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर न्याय पंचायतों में दोबारा भी कैम्प आयोजित किए जांय।

*पौड़ी गढ़वाल*

पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक की न्याय पंचायत किमसार के गंगा भोगपुर में आयोजित शिविर में 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस मौके पर 68 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस शिविर में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट मुख्य अतिथि रहीं। इस शिविर में 126 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग की पेंशन एवं अन्य योजनाओं से 08 लोगों को लाभ प्रदान किया गया। श्रम विभाग द्वारा 05 लाभार्थियों का पंजीकरण करने के साथ ही राजस्व विभाग द्वारा 70 लोगों को जाति व आय प्रमाण पत्र, खतौनी की नकल सहित अन्य सेवाओं का लाभ दिया गया। अन्य योजनाओं से भी 95 ग्रामीणों का लाभान्वित करने के साथ ही बाल विकास विभाग के स्टॉल पर 02 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं 01 महिला का गोद भराई संस्कार भी संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में प्रभारी जिलाधिकारी गिरीश गुणवंत, ब्लॉक प्रमुख यमकेश्वर सीता चौहान सहित अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

*चमोली*

चमोली जिले में नन्दागर विकासखण्ड के मटई गॉव एवं जोशीमठ के उर्गम में शिविरों का आयोजन कर 369 जन-समस्याओं का निस्तारण किया गया।

अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में न्याय पंचायत सेमा के ग्राम मटई में आयोजित शिविर में 218 जन-समस्याएं व शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें 198 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं दूसरी ओर जोशीमठ तहसील के उर्गम में उपजिलाधिकारी चन्द्रशेखर वशिष्ठ की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में कुल 256 जन-समस्याएं व शिकायतेंप्रस्तुत की गई, जिसमें 171 का मौके पर ही समाधान किया गया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख हेमा नेगी सहित क्षेत्रीय जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

*हरिद्वार*

हरिद्वार जिले में भगवानपुर ब्लॉक की न्याय पंचायत नौकराग्रांट के पंचायत भवन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों द्वारा 35 शिकायतें दर्ज कराई गई ,जिसमें से 20 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया । संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में 16 लाभार्थियों को मनरेगा जॉब कार्ड जारी करने के साथ ही 10 लाभार्थियों के श्रमिक कार्ड नवीनीकरण व पंजीकरण भी किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 04 लभार्थियों के पेंशन प्रकरण मौके पर ही सत्यापन किया गया। शिविर में 17 ग्रामीणों को उद्यान कार्ड एवं बीज, पौध वितरण किया गया और 18 आय, जाति स्थाई प्रमाण पत्र जारी करने के साथ ही जन्म प्रमाण पत्र परिवार रजिस्टर में संशोधन के 04 प्रकरण निस्तारित किए गए। आयुष विभाग द्वारा 21 लोगों को स्वास्थ्य परिक्षण एवं दवा वितरण किया गया। 29 अन्य लाभार्थियों को भी विभिन्न योजनाओं से लाभन्वित किया गया।

*उत्तरकाशी*

उत्तरकाशी जिले में पुरोला ब्लॉक की न्याय पंचायत गुन्दियाटगांव में उपजिलाधिकारी पुरोला मुकेश चन्द रमोला की अध्यक्षता में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 500 से अधिक लोगों ने शिविर में विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया। मौके पर 10 लोगों के आय, जाति, स्थाई प्रमाण पत्र बनाए गए। ग्राम्य विकास विभाग की योजनाओं के अंतर्गत रू. 5.50 लाख के चेक वितरित करने के साथ ही 197 लोगों को लाभान्वित किया गया। शिविर में 34 छोटे कृषि यंत्र तथा 18 उद्यान कार्ड भी वितरित किए गए। इस अवसर पर 77 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही 06 ग्रामीण युवकों को कैरियर काउंसिलिंग सेवा से लाभान्वित किया गया।

*नैनीताल*

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के दूसरे दिन नैनीताल जिले में न्याय पंचायत सिरमोली एवं मालधनचौड़ में बहुद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया।

रा.इं.कॉ. मालधनचौड़, रामनगर में विधायक रामनगर दीवान सिंह बिष्ट अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नैनीताल विवेक राय एवं की उपस्थिति में आयोजित शिविर में कुल 79 समस्याए व शिकायतें दर्ज हुई जिनमें से 70 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। इस शिविर में 211 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवा दी गई। राजस्व विभाग 90 लोगों के आय, स्थाई निवास, जाति एवं चरित्र प्रमाण पत्र बनाए गए। 35 लोगों को आधार कार्ड बनाने एवं अपडेशन की सुविधा से लाभन्वित किया गया। इस मौके पर 20 धात्री महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई और पेंशन योजनाओं से संबंधित 15 आवेदन पत्र भी भरवाएं गए। सेवायोजन विभाग द्वारा 4 पंजीकरण से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। 63 पशुपालकों को पशुओं की दवा उपलब्ध कराई गई। दुग्ध विभाग द्वारा 16 तथा सहकारिता विभाग द्वारा 11 लोगों को विभागीय योजना से लाभान्वित कराया गया। इस दौरान क्षेत्र पंचायत प्रमुख मंजू नेगी, उप जिला अधिकारी प्रमोद कुमार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

न्यायपंचायत सिरमोली में आयोजित शिविर में कुल 23 समस्याएं प्राप्त हुई,जिसमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी गोपाल गिरी तथा क्षेत्र पंचायत प्रमुख दीप कुमार की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा 109 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवा वितरित की गई। 17 किसानों को कृषि यंत्र एवं जैविक खाद का वितरण के साथ ही 21 पशुपालकों को निःशुल्क दवाएं प्रदान की गईं।

*बागेश्वर*

जनपद बागेश्वर में अभियान के तहत गुरूवार को दो न्याय पंचायतों में आयोजित शिविरों में 1000 से अधिक लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया। बागेश्वर ब्लॉक की न्याय पंचायत सैंज में उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी की अध्यक्षता में तथा कपकोट ब्लॉक की न्याय पंचायत उत्तरौड़ा में उपजिलाधिकारी अनिल सिंह चनियाल की अध्यक्षता में शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही सहकारिता, शिक्षा, राजस्व, पूर्ति, पंचायती राज, उरेडा, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, कृषि, पशुपालन, विद्युत, सेवायोजन, बाल विकास एवं जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

*ऊधमसिंह नगर*

ऊधमसिंह नगर जिले के न्यायपंचायत बिगराबाग के पंचायत भवन बिरिया में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 06 शिकायतों का निस्तारण करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं में 210 लोगों को लाभान्वित किया गया। इस मौके पर दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा महिला स्वयं सहायता समूह को चैकों का वितरण भी किया गया।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *