खेल महाकुंभ 2026ः 01 सितंबर से सजेगा मुख्यमंत्री चौम्पियनशिप ट्रॉफी का मंच, न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक होगा प्रतिभा का प्रदर्शन

जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश, न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक होंगे मुकाबले;

देहरादून ने पिछले वर्ष 318 पदक के साथ राज्य में हासिल किया था प्रथम स्थान

देहरादून,  उत्तराखंड में युवाओं की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने के उद्देश्य से आगामी 1 सितंबर से ‘खेल महाकुंभ 2026-मुख्यमंत्री चौम्पियनशिप ट्रॉफी’ का भव्य शुभारंभ होगा। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी जनपदों में समितियों का गठन कर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई, जिसमें खेल महाकुंभ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, टीम भावना, धैर्य और संघर्षशीलता जैसे जीवन-मूल्यों के विकास का सशक्त आधार हैं। उन्होंने अधिकारियों से ‘खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी‘ का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कर अधिकाधिक युवाओं को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि विगत वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रगति का विश्लेषण कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाए, ताकि मुख्यमंत्री के उत्तराखंड को ‘खेल भूमि’ बनाने के संकल्प को साकार किया जा सके।

बैठक में बताया गया कि 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर तथा 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके बाद 1 अक्टूबर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न कराई जाएंगी। प्रतियोगिताओं में अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे।

खेल महाकुंभ के लिए ‘क्यूआर कोड’ तथा ‘खेलोयूके’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही पंचायत भवन, शिक्षण संस्थानों, नगर निकायों, ब्लॉक, तहसील, जिला मुख्यालय तथा संबंधित विभागीय कार्यालयों में ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए जा सकेंगे।

प्रतियोगिताओं में खो-खो, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज सहित अनेक खेल शामिल किए गए हैं।

बैठक में विधायक उमेश शर्मा (काऊ) तथा ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शंभू पासवान ने कहा कि खेल महाकुंभ राज्य के युवाओं की प्रतिभा को निखारने का प्रभावी मंच है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।

जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, खेल, पेयजल, विद्युत, सूचना, पुलिस तथा पीआरडी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ खेल महाकुंभ के सफल एवं भव्य आयोजन के निर्देश दिए।

जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि न्याय पंचायत, विधानसभा एवं संसदीय क्षेत्र स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, पदक एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये, विधानसभा स्तर पर 500, 400 और 300 रुपये, जबकि संसदीय क्षेत्र स्तर पर 800, 600 और 400 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ में प्रतिभागियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2023-24 में 12,383, 2024-25 में 34,570 तथा 2025-26 में 53,550 खिलाड़ियों ने भाग लिया। पिछले वर्ष देहरादून ने 146 स्वर्ण, 92 रजत और 80 कांस्य सहित कुल 318 पदक जीतकर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *