रुद्रप्रयाग में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद
जनपद में अवैध मदिरा की बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चोपड़ा बाजार में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों के प्रतिष्ठानों से कुल 14 बोतल, 23 अध्दे एवं 146 पव्वे मैकडॉवल व्हिस्की बरामद की गई।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में लगातार चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए आबकारी विभाग के निरीक्षक आनंद चौहान के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा चोपड़ा बाजार क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध दुकानों की नियमानुसार तलाशी ली गई, तलाशी के दौरान अवैध रूप से रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई। विभाग ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे तथा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान उप आबकारी निरीक्षक मधुर कुमार, सिपाही रीना प्रधान, किरण प्रधान एवं सुंदरलाल शामिल रहे।