*जनता के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री गणेश जोशी, जखोली में जनकल्याण शिविर के माध्यम से सुनीं क्षेत्रीय समस्याएं*

*जखोली में जनकल्याण शिविर का आयोजन 40 शिकायत दर्ज, 30 का मौके पर हुआ निस्तारण*

सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री गणेश जोशी ने शनिवार को विकासखण्ड सभागार, जखोली में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर की गई। इसके उपरांत केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जनकल्याण शिविर एवं बहुद्देशीय सेवा शिविर में उन्होंने क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद स्थापित किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से सरकार जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, जिससे आमजन को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें मंत्री के समक्ष रखीं।

नंदवाणगांव के ग्रामीणों ने गांव की सड़क पर नालियों के बंद होने की समस्या उठाते हुए बताया कि बरसात के दौरान सड़क का पानी किसानों के खेतों एवं आवासीय परिसरों में प्रवेश कर रहा है, जिससे फसलों एवं संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने शीघ्र नाली निर्माण एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती ललिता देवी ने हाल ही में खलियाण बांगर क्षेत्र में हुई अत्यधिक वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं नालियों के पुनर्निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती सीमा देवी ने मयाली बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय एवं नाली निर्माण की आवश्यकता बताते हुए इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

बरसिर गांव के निवासी श्री सुंदर सिंह रावत ने गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति न होने की समस्या से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है, जिसके समाधान हेतु शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। इस संबंध में उन्होंने प्रार्थना पत्र भी सौंपा।

प्रभारी मंत्री ने सभी शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती पूनम कठैत, कैबिनेट मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री भारत भूषण भट्ट, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती विनीता चमोली, जिला भेषज संघ की अध्यक्ष श्रीमती आरती रावत, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत,उप जिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *