
सोशल मीडिया में प्रकाशित खबर सुभाष घाट पर गर्भवती महिला के प्रसव संबंधी मामले का जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान, जांच के दिए निर्देश

नोवस पैथोलॉजीज प्रा. लि. (NPPL) के निदेशक को तत्काल आंतरिक जांच के निर्देश, 48 घंटे में मांगी हस्ताक्षरित जांच आख्या
अस्पताल के रजिस्टर, ड्यूटी रोस्टर एवं सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश, जांच में दोषी पाए जाने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
हरिद्वार, सोशल मीडिया में प्रकाशित खबर सुभाष घाट पर एक गर्भवती महिला द्वारा खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म दिए जाने संबंधी खबर का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह को मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उनके द्वारा स्वयं भी प्रकरण की जांच की जा रही है। मीडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, गर्भवती महिला को हरिद्वार के महिला चिकित्सालय में उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है, जिसके बाद महिला ने सुभाष घाट पर बच्ची को जन्म दिया।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख अधीक्षक, एच.एम.जी. जिला चिकित्सालय, हरिद्वार के कार्यालय द्वारा नोवस पैथोलॉजीज प्रा. लि. (NPPL) के निदेशक को ईमेल भेजकर तत्काल आंतरिक जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रकरण से संबंधित प्रारंभिक तथ्य आज ही तथा ईमेल प्राप्त होने के 48 घंटे के भीतर हस्ताक्षरित विस्तृत जांच आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है।
जांच के दौरान यह स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित महिला अथवा उनके परिजनों द्वारा चैन राय महिला चिकित्सालय के एमसीएच विंग में संपर्क किया गया था या नहीं। यदि संपर्क किया गया था तो संपर्क का समय, उस समय ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों का विवरण, महिला को उपलब्ध कराई गई सहायता तथा उपचार में किसी प्रकार की देरी, उपचार से इनकार अथवा अन्यत्र रेफर किए जाने की परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इसके अतिरिक्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित अस्पताल के रजिस्टर, ड्यूटी रोस्टर एवं उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज को तत्काल सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि घटना से संबंधित सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों का सही आकलन किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा चूक पाई जाती है तो संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यदि मीडिया में लगाए गए आरोप जांच में तथ्यात्मक रूप से सही नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित अभिलेखों एवं साक्ष्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जांच आख्या प्राप्त होते ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा प्रकरण से संबंधित वास्तविक तथ्यों से अवगत कराया जाएगा।

