*जनपद में कारगिल शौर्य दिवस पर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, पूर्ण सैन्य सम्मान एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ कार्यक्रम*

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, रुद्रप्रयाग द्वारा 8 सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट के सौजन्य से रेजिमेंट के बास्केटबॉल प्रांगण में कारगिल शौर्य दिवस पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के परिजनों की सम्मानजनक उपस्थिति रही, जिनके सम्मान में पूरा समारोह राष्ट्रभक्ति और कृतज्ञता की भावना से ओत-प्रोत रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं पूर्व सैनिकों ने वीर जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके योगदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि मा० विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने कारगिल शहीदों के परिजनों को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सपूतों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनका त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को निरंतर प्रज्वलित करता रहेगा।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कारगिल युद्ध की वीरगाथाओं का स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य के कारण ही देश ने कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देशभक्ति और अनुशासन के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागी विद्यार्थियों को जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर तथा 8 सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट के द्वितीय कमान अधिकारी मेजर ओमवीर सिंह द्वारा पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कारगिल युद्ध के वीर सेनानियों के अद्वितीय शौर्य, साहस एवं बलिदान को याद किया तथा शहीदों के परिजनों के प्रति समाज की जिम्मेदारी और सम्मान की भावना को सदैव बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मा० केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी अनसूया बिष्ट, 8 सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट मेजर ओमवीर सिंह बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, जनपद के विभिन्न पूर्व सैनिक संगठनों के पदाधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय का समस्त स्टाफ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *