*💥पद्म श्री जसपिंदर नरूला जी दर्शनार्थ आयी परमार्थ निकेतन*

*✨गंगा स्नान एवं पूजन कर विश्वविख्यात परमार्थ गंगा आरती में किया सहभाग*

*🌺ऋषिकुमारों के भजनों ने किया भावविभोर*

*🌼पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी का सद्साहित्य आशीर्वाद स्वरूप किया भेंट*

ऋषिकेश।। हिंदी एवं पंजाबी सिनेमा की सुप्रसिद्ध पार्श्व एवं शास्त्रीय गायिका, गुरबाणी और धार्मिक संगीत की सशक्त साधिका तथा पद्म श्री सम्मान से अलंकृत जसपिंदर नरूला जी परमार्थ निकेतन आयी। उन्होंने मां गंगा का दर्शन, स्नान एवं पूजन किया तथा विश्वविख्यात परमार्थ गंगा आरती में श्रद्धापूर्वक सहभाग किया। पूज्य स्वामी जी द्वारा रचित सद्साहित्य जसपिंदर नरूला जी को भेंट किया।

संगीत जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली जसपिंदर नरूला जी ने हिंदी और पंजाबी सिनेमा के साथ-साथ गुरबाणी, भक्ति एवं धार्मिक संगीत के क्षेत्र में भी अपनी मधुर एवं भावपूर्ण स्वर-साधना से विशेष स्थान बनाया है। फिल्म ‘प्यार तो होना ही था’ के शीर्षक गीत के लिए उन्हें वर्ष 1999 में फ़िल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त मिशन कश्मीर, मोहब्बतें, फिर भी दिल है हिंदुस्तानी और बंटी और बबली जैसी लोकप्रिय फिल्मों में भी उनके स्वर ने संगीतप्रेमियों के हृदय को स्पर्श किया है। शास्त्रीय संगीत की गहराई, पार्श्व गायन की लोकप्रियता और गुरबाणी एवं धार्मिक संगीत की आध्यात्मिक अनुभूति, इन सभी का सुंदर समन्वय उनके संगीत व्यक्तित्व की विशेषता है।

परमार्थ निकेतन पहुंचकर जसपिंदर नरूला जी ने मां गंगा में पवित्र स्नान किया और विधिवत पूजन-अर्चन कर मां गंगा से विश्व शांति, सद्भाव, करुणा और मंगल की प्रार्थना की। उन्होंने मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि मां गंगा भारत की आत्मा हैं। मां गंगा के तट पर आकर मन अपने आप शांत होने लगता है और भीतर एक ऐसी अनुभूति जागती है जिसे शब्दों में बांधना कठिन है। यहां प्रकृति, अध्यात्म, भक्ति और सेवा एक साथ दिखाई देते हैं।

उन्होंने कहा कि पूज्य स्वामी जी गंगा जी की आरती के माध्यम से देशभक्ति और देव भक्ति का जो संदेश देेते है, उसने अनेकों हृदयों को जागृत कर विलक्षण परिवर्तन किया है।

जसपिंदर नरूला जी ने गंगा आरती में अत्यंत श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सहभाग किया। इस संपूर्ण अनुभव का सबसे भावुक कर देने वाला क्षण तब आया जब परमार्थ निकेतन के नन्हे-नन्हे ऋषिकुमारों ने भक्ति एवं आध्यात्मिक भाव से भजन गाये। बाल ऋषिकुमारों के निर्मल स्वर, उनके सहज भाव, अनुशासन और भक्ति से ओतप्रोत गायन ने जसपिंदर नरूला जी के हृदय को गहराई से छू लिया। संगीत की साधना को अपना जीवन समर्पित करने वाली जसपिंदर जी इन नन्हे साधकों को भजन गाते देखकर भावुक हो उठीं।

जसपिंदर नरूला जी ने पूज्य स्वामी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परमार्थ निकेतन में आना उनके लिए अत्यंत आत्मिक और आनंददायक अनुभव रहा। इस पावन अवसर पर डॉ. जसपिंदर नरूला जी के साथ उनके पति श्री प्रमोद कौल जी, सुप्रसिद्ध गायिका सुश्री सलोनी शाह जी, आर.के. प्रोडक्शन से सुश्री ज्योतिका भट्ट जी एवं सुश्री मधु जी तथा भारतीय सेना के सैनिक श्री नरेन्द्र लाल जी ने भी मां गंगा का दर्शन एवं पूजन कर विश्वविख्यात गंगा आरती में श्रद्धापूर्वक सहभाग किया। सभी ने मां गंगा के पावन तट पर आरती में सम्मिलित होकर राष्ट्र, समाज एवं समस्त विश्व के कल्याण, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *