
*
परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री श्री सुवेन्दु अधिकारी जी से की शिष्टाचार भेंट*

*
विश्वविख्यात परमार्थ निकेतन गंगा आरती में सहभाग हेतु किया आमंत्रित*
*
संस्कृति, भारतीय आध्यात्मिक विरासत, नदी संरक्षण एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर हुआ सार्थक संवाद*
पश्चिम बंगाल/ऋषिकेश, 24 नवम्बर 2026। परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी और पश्चिम बंगाल के माननीय मुख्यमंत्री श्री सुवेन्दु अधिकारी जी की शिष्टाचार भेंट हुई। इस अवसर पर पूज्य स्वामी जी ने उन्हें ऋषिकेश, परमार्थ निकेतन की विश्वविख्यात गंगा आरती में सहभाग हेतु सादर आमंत्रित किया। भेंटवार्ता के दौरान भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, संस्कृति, नदियों के संरक्षण, पर्यावरणीय चेतना तथा प्रकृति के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
माननीय मुख्यमंत्री श्री सुवेन्दु अधिकारी जी ने पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी को 29 दिसम्बर, 2026 को कोलकाता में आयोजित होने वाले भव्य गीता महोत्सव में सहभाग हेतु सादर आमंत्रित किया।
पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने मुख्यमंत्री जी को परमार्थ निकेतन की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विविध गतिविधियों के बारे में विचार साझा किये। उन्होंने माँ गंगा के पावन तट पर प्रतिदिन आयोजित होने वाली दिव्य गंगा आरती की वैश्विक पहचान और उसके आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर भी चर्चा की।
पूज्य स्वामी जी ने कहा कि माँ गंगा, भारत की आत्मा, आस्था, संस्कृति, सभ्यता और जीवनदायिनी चेतना की अनंत धारा हैं। मां गंगा हमारी आध्यात्मिक विरासत के साथ-साथ करोड़ों लोगों के जीवन, आजीविका और अस्तित्व का आधार हैं। मां गंगा आरती प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, जल के प्रति श्रद्धा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को जागृत करने का एक दिव्य माध्यम है।
परमार्थ निकेतन की गंगा आरती ने भारतीय सनातन परंपरा, योग, अध्यात्म और पर्यावरण चेतना को वैश्विक मंच प्रदान किया है। प्रतिदिन देश-विदेश से आने वाले हजारों श्रद्धालु, पर्यटक, साधक और जिज्ञासु इस आरती के माध्यम से भारत की आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक एकात्मता और विश्वबंधुत्व के भाव का अनुभव करते हैं। यहाँ प्रज्वलित होने वाला प्रत्येक दीप शांति, सद्भाव, सेवा, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व का संदेश देता है।
पूज्य स्वामी जी ने माननीय मुख्यमंत्री श्री सुवेन्दु अधिकारी जी को ऋषिकेश पधारकर माँ गंगा की दिव्य आरती में सहभाग करने का विशेष आमंत्रण देते हुए कहा कि गंगा के पावन तट पर होने वाला यह आयोजन भारत की सनातन चेतना और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत प्रतीक है।
पश्चिम बंगाल की गौरवशाली आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का उल्लेख करते हुए पूज्य स्वामी जी ने कहा कि यह पावन भूमि श्रीरामकृष्ण परमहंस, माँ शारदा, स्वामी विवेकानन्द सहित अनेक महान संतों, मनीषियों और महापुरुषों की तपस्या, साधना एवं विचार चेतना से समृद्ध रही है। बंगाल की भक्ति, शक्ति, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक चेतना ने सदैव भारतीय समाज को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि गंगा और बंगाल का संबंध केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि अत्यंत गहरा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंध है। गंगा की पावन धारा बंगाल की धरती को सिंचित करती हुई गंगासागर में सागर से मिलती है। यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक एकात्मता, हमारी सभ्यतागत निरंतरता और प्रकृति के साथ सनातन संबंध का प्रतीक है।
यह आत्मीय एवं सार्थक भेंट भारतीय आध्यात्मिक विरासत, गंगा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के साझा सरोकारों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही। पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने माननीय मुख्यमंत्री श्री सुवेन्दु अधिकारी जी को परमार्थ निकेतन की विश्वविख्यात गंगा आरती में सहभाग हेतु पुनः सादर आमंत्रित किया और रूद्राक्ष का दिव्य पौधा भेंट किया।
