कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, बैसाखी पर मेलाधिकारी का व्यापक निरीक्षण

हरिद्वार।धर्मनगरी हरिद्वार में आज से ठीक एक वर्ष बाद, 14 अप्रैल 2027 को मेष संक्रांति के पावन पर्व पर कुंभ मेला 2027 का प्रमुख अमृत स्नान (शाही स्नान) आयोजित होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए मेला प्रशासन ने तैयारियों को “काउंटडाउन मोड” में डालते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की मुहिम तेज कर दी है। कुंभ मेला से जुड़े सभी कार्यों के लिए स्पष्ट लक्ष्य और टाइमलाइन निर्धारित की गई है तथा उनकी सतत निगरानी और नियमित समीक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बैसाखी के दिन हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कुंभ मेला की तैयारियों एवं चुनौतियों की जमीनी पड़ताल की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बैसाखी के पावन पर्व पर हर की पैड़ी में गंगा स्नान कर आगामी कुंभ मेला के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु मां गंगा से प्रार्थना की। गंगा स्नान के उपरांत उन्होंने हर की पैड़ी क्षेत्र के साथ-साथ हिल बाइपास, मनसा देवी पैदल मार्ग, मोतीचूर रेलवे स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्र मार्ग, हरिद्वार रेलवे स्टेशन मार्ग, सिंहद्वार, कांवड़ पटरी मार्ग, शंकराचार्य चौक, कनखल क्षेत्र, आस्था पथ और रोड़ी-बेलवाला सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों, पुलों, सड़कों, पैदल मार्गों, पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य जन-सुविधाओं की स्थिति का गहनता से जायजा लिया और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों का भी आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ पटरी मार्ग को शीघ्र दुरुस्त किया जाए, हिल बाइपास की मरम्मत कार्यों में तेजी लाई जाए तथा मनसा देवी पैदल मार्ग के सुधार एवं पुनर्निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने अतिक्रमण हटाने, रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा घाटों पर स्नानार्थियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगमता, सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी तैयारियों की माइक्रो प्लानिंग की जा रही है तथा चुनौतियों के प्रभावी समाधान के लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि तय टाइमलाइन के अनुसार सभी कार्यों की प्रगति की निरंतर निगरानी और नियमित समीक्षा की व्यवस्था लागू की गई है, जिसका सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं द्वारा सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार नन्दन कुमार, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

कुंभ मेला 2027, हरिद्वार – प्रमुख स्नान तिथियां

14 जनवरी 2027 : मकर संक्रांति

06 फरवरी 2027 : मौनी अमावस्या

11 फरवरी 2027 : बसंत पंचमी

20 फरवरी 2027 : माघ पूर्णिमा

06 मार्च 2027 : महाशिवरात्रि (अमृत स्नान)

08 मार्च 2027 : फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान)

07 अप्रैल 2027 : नव संवत्सर (नव वर्ष)

14 अप्रैल 2027 : मेष संक्रांति (प्रमुख अमृत स्नान)

15 अप्रैल 2027 : श्रीराम नवमी

20 अप्रैल 2027 : चैत्र पूर्णिमा

By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *