religion,धर्म-कर्म और दर्शन -119

religion and philosophy- 119

🏵️देवाधिदेव हैं शिव….🏵️

वे देवों के देवता हैं । मनुष्यों के देव हैं, महादेव हैं।
लेकिन वे दैत्यों के भी देवता हैं।

हर असुर ने उनका पूजन किया, वरदान पाए। शिव ने भक्त भक्त में भेद नहीं किया। उसकी जाति नहीं देखी, रंग और पूजन पद्धति का भेद नहीं देखा।

वे तो मानव और पशु का भी भेद नहीं देखते। तो पशुओं के भी देवता वही हैं , पशुपति हैं।
शिव चतुर और कुटिल चाणक्य नही हैं, वे तो भोलेनाथ हैं, औघड़ दानी हैं ।

religion,धर्म-कर्म और दर्शन -119
religion,धर्म-कर्म और दर्शन -119

शिव की महानता उनकी इसी साधारणता में है।
हीरे- मोती- सिक्के और नोट नहीं जनाब, वे बेल के पत्तो में खुश हैं
कतरा भर भांग की बूटी में खुश हैं, धतूरे के एक फूल, बेल के तीन पत्तो से खुश हैं। श्मशान की राख से खुश हैं।

क्या कीर्तन, भजन, संगीतय आराधना- शिव तो अनगढ़ डमरू की आवाज में खुश हैं।
कोई विधि नहीं , नियम नहीं , शिव की आराधना कीजिए, तो बस, उनका नाम लीजिए।

या न भी लीजिए।

क्योकि शिव ही सत्य हैं, सुंदर हैं। तो जिसमे सत्य है, सुंदरता है, वह शिव ही है। लेकिन यहां तो सुंदरता भी बाधा नहीं । उनके गण, उनके भक्त, असुंदर भी हैं ..

चलेगा।
गंजेड़ी, भंगेड़ी, शराबी भी बिना अपराध बोध के, भरपूर नशे में प्रभु को याद करता है, तो जै भोलेनाथ ही कहता है।

तो क्या आश्चर्य की शिव सबसे ज्यादा पूजे जाने वाले देव हैं। विश्वास नहीं ??? तो जरा आंख बंद कीजिए, अपने घर से पांच किलोमीटर के दायरे में सारे छोटे देवस्थलों को याद कीजिए।

मेरा दावा है आपको, सत्तर प्रतिशत सिर्फ शिव के स्थान मिलेंगे। 20 प्रतिशत हनुमान हैं, और बाकी तमाम देवता मिलकर शायद 10% भी आराध्य नहीं।
कारण उनकी सरलता है। शिव को मंदिर नहीं चाहिए। तालाब के किनारे, वृक्ष के नीचे, घने वन में, सड़क के किनारे, खुले में शिव बैठे हैं, और मस्त हैं।

उसी लोटे से तालाब में खुद नहाइये, और फिर उसी तालाब का पानी, उसी लोटे में भरकर, तालाब के किनारे शिवलिंग पर चढ़ा

तो ईश्वर अगर सर्वव्यापी है, तो शिव को इस कसौटी में 100 में से 100 नम्बर हैं।

वे कण कण में हैं, गण गण में, घट घट में हैं। स्फटिक नहीं , सोना नहीं , हीरा नहीं , संगमरमर नहीं ,। हर मामूली पत्थर, बर्फ का टुकड़ा, मिट्टी की लोई, शिव बन सकती है,

महादेव हो सकती है।

मगर जब कुछ लोग जब शिव को खोजते हैं , राम को खोजते हैं – तो जाने क्यूँ, मस्जिदों में, फव्वारों में ही खोजते हैं ।

पुलिस और न्यायालय से सर्वे करवाते हैं ।
शिव बेशक उस फवारे में भी हैं । वे किसी मस्जिद में भी धूनी रमाये हुए हैं। यह मानने के लिए कोर्ट से सर्वे करवाने की जरूरत सिर्फ उन्हें है, जिन्होंने शिव को लिंग में, शिवालयों में, महालयों में कैद करने का षड्यंत्र किया है।

वही लोग,जिन्होंने हर-हर और घर-घर के नारे से महादेव को हटाकर, किसी और को स्थापित कर दिया है।
कल शिव संसद में दिखे। उनकी निडरता, उनकी सरलता, उनकी अभय मुद्रा पर बात हुई, तो सबने देखा, सत्ता पक्ष कैसा भयभीत हो गया..
राम के नाम पर राजनीति करने वालों को, सदन में शिव की तस्वीर असंसदीय लगी।

वे जानते हैं, कि शिव तो सत्ता नहीं देखते, पक्ष और विपक्ष नहीं देखते। उन्हें अपने गण प्रिय है। उन्हें अपने जन प्रिय हैं ।

जन गण मन की वे जाति नहीं देखते, धर्म नहीं देखते। बस पीड़ा देखते हैं। और उनकी आर्तनाद पर त्रिशूल उठाये दौड़े चले आते हैं
और जिस सदन की दरो दीवार पर जन गण मन पर अत्याचार के जोशीले नारे गूंज चुके हैं, वहां शिव के पदार्पण से मैं भी डरता हूँ।

जाने किसकी अनकही आर्तनाद शिव सुन लें।
दौड़े आयें।

त्रिशूल से वज्रपात हो, मृत्यु का तांडव हो, और तीसरा नेत्र, तिनकों से बने साम्राज्य को भस्म कर दे।
डरता हूँ मैं..
तुम भी डरो।

हम सब डरें। क्योकि तिनकों से बने अत्याचार के साम्राज्य के बीच ही कहीं तुम्हारा और मेरा घरौंदा भी है।

और शिव का ज्वाल रोकना कठिन है। शिव का क्रोध असीमित है। शिव से बड़ा काल अभी तक कल्पित नही हुआ।

दौर पलट रहा है। शिव करीब हैं।
तो अपने कर्म से डरो, उसके फल से डरो।

काल के क्रम से डरो।
महाकाल के न्याय से डरो।

Dr. Ramesh Khanna.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed