*पुस्तक दान अभियान के तहत संगम पुस्तकालय को मिली 2500 से अधिक पुस्तकें*

*मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अभियान से जुड़कर प्रदान कीं 150 पुस्तकें, विधायक आशा नौटियाल व जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने पुस्तकालय को भेंट कीं पुस्तकें*

जनपद में विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने और उनमें पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा द्वारा शुरू किए गए “एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं” अभियान को लगातार व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों द्वारा बड़ी संख्या में पुस्तकें दान की जा रही हैं।

इसी क्रम में आज संगम पुस्तकालय को 2500 से अधिक पुस्तकें प्रदान की गईं। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने पुस्तकालय पहुंचकर इन पुस्तकों को विद्यार्थियों के लिए भेंट किया। बड़ी संख्या में पुस्तकें उपलब्ध होने से पुस्तकालय में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों की उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।

इस अभियान को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का भी विशेष समर्थन मिला है। मुख्यमंत्री द्वारा अभियान के तहत 150 पुस्तकें जिला प्रशासन को प्रदान की गई हैं। माननीय मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा जनपद में चलाए जा रहे इस अभिनव अभियान की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी पहल बताया ।

*प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उपयोगी होंगी पुस्तकें*

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल से शुरू हुआ “एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं” अभियान विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है। अभियान के माध्यम से एकत्र की जा रही पुस्तकों का लाभ विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पुस्तकें विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण स्रोत हैं। पुस्तकालय में विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध होने से छात्र-छात्राओं को अपनी पढ़ाई एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री एक ही स्थान पर मिल सकेगी। इससे उनके ज्ञान में वृद्धि होने के साथ ही अध्ययन के प्रति उनकी रुचि भी बढ़ेगी।

विधायक ने इस अभियान में सहयोग प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं अभियान से जुड़कर पुस्तकें उपलब्ध कराना इस पहल के प्रति उनके सहयोग और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान की गई पुस्तकें भी जनपद के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होंगी और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।

*विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने बढ़ाया अभियान का दायरा*

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि “एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं” अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक उपयोगी पुस्तकें पहुंचाना और उन्हें बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अभियान को विभिन्न कार्यक्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य लोगों का लगातार सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक पुस्तक किसी न किसी विद्यार्थी के लिए ज्ञान और मार्गदर्शन का माध्यम बनेगी। पुस्तकें केवल अध्ययन की सामग्री नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके भविष्य को दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि पुस्तकालयों को अधिक समृद्ध बनाया जाए, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी ने अभियान को समर्थन देने तथा पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं इस अभियान से जुड़कर पुस्तकें उपलब्ध कराना जनपद के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी लोगों का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से इस पहल को और व्यापक बनाया जा सकता है।

*विद्यार्थियों ने जताया आभार*

संगम पुस्तकालय में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं ने भी अभियान के तहत उपलब्ध कराई गई पुस्तकों को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यार्थियों ने कहा कि पुस्तकालय में विभिन्न विषयों से संबंधित नई पुस्तकें उपलब्ध होने से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान अलग-अलग विषयों की पुस्तकों की आवश्यकता होती है और पुस्तकालय में पर्याप्त अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से उन्हें इसका लाभ मिलेगा।

छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पुस्तकें उपलब्ध कराने तथा जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा द्वारा विद्यार्थियों के हित में यह अभियान शुरू करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने के साथ ही उनके भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सोनी, उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, जिला पंचायत सदस्य जयबलभ कांडपाल, संगम पुस्तकालय की संचालिका सगुन राणा सहित जनप्रतिनिधि, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *