*परिवहन सचिव श्री बृजेश कुमार संत ने एआरटीओ कार्यालय, हरिद्वार का किया निरीक्षण*

*हरिद्वार।उत्तराखण्ड शासन के परिवहन सचिव श्री बृजेश कुमार संत ने आज सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय, हरिद्वार का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों के रखरखाव, नागरिक सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं, कार्यालय की कार्यप्रणाली तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शी, उत्तरदायी एवं जनहितकारी कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश दिए।

सचिव महोदय ने कार्यालय में संचालित विभिन्न सेवाओं का अवलोकन करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, परमिट, कराधान, फिटनेस, ग्रीन कार्ड तथा अन्य नागरिक सेवाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की सेवाएं आमजन से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हैं, इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ कार्य करना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के अभिलेखों एवं फाइलों के रखरखाव का भी निरीक्षण किया तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, उचित अनुक्रमण, सुरक्षित संरक्षण एवं रिकॉर्ड प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।

सचिव महोदय ने कार्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए इसे आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय भवन के आधुनिकीकरण हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें तथा कर्मचारियों के लिए भी आधुनिक एवं सुव्यवस्थित कार्य वातावरण विकसित हो सके।

 

उन्होंने चारधाम यात्रा के दृष्टिगत ग्रीन कार्ड निर्गमन, फिटनेस परीक्षण एवं परमिट संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यात्रा से संबंधित सभी सेवाओं का त्वरित एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं वाहन संचालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

सचिव महोदय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक एआरटीओ कार्यालय, हरिद्वार द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कार्यालय की कार्यकुशलता, टीम भावना एवं प्रभावी राजस्व प्रबंधन का परिचायक है। उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखते हुए विभाग द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा जनसेवा एवं राजस्व संग्रहण दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य जारी रखा जाए।

 

निरीक्षण के दौरान सचिव महोदय ने कार्यालय परिसर की स्वच्छता, अनुशासन, नागरिक सुविधा काउंटरों एवं समग्र कार्य वातावरण का भी अवलोकन किया तथा आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विभाग की कार्यप्रणाली में सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग करते हुए सेवाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाया जाना चाहिए।

 

इस अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी, देहरादून संदीप सैनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन)निखिल शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन)रुड़की जितेन्द्र चन्द, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रुड़की कृष्णा पलारिया सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *