हरेला पर सेवा संकल्प फाउंडेशन का हरित संकल्प: गीता धामी के निर्देशन में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित

खटीमा। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर खटीमा के दयूरी स्थित दरियानाथ सिद्ध बाबा मंदिर प्रांगण में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी के निर्देशन में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों को हरित अभियान से जोड़ना रहा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रीता कफलिया ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिल सके। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए सेवा संकल्प फाउंडेशन एवं उसकी ट्रस्टी गीता धामी का आभार व्यक्त करते हुए सभी से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

ग्राम प्रधान भागीरथ सिंह राणा ने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन प्रदेशभर में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और जरूरतमंदों के कल्याण के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जनभागीदारी बढ़ाने का कार्य कर रहा है। हरेला पर्व पर आयोजित यह अभियान प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का सशक्त संदेश देता है।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने मंदिर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। साथ ही सैकड़ों लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित किए गए। उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे केवल पौधे ही नहीं लगाएंगे, बल्कि उनके पूर्ण विकसित होने तक उनकी नियमित देखभाल भी करेंगे।

इस फाउंडेशन की ट्रस्टी श्रीमती गीता पुष्कर धामी जी हैं, जो सेवा, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों के प्रति निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही हैं। उनके मार्गदर्शन में फाउंडेशन समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा और जनकल्याण की भावना को सशक्त रूप से पहुंचा रहा है।

उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ प्रकृति की अनुपम धरोहर भी है। हमारे जंगल, नदियाँ, पर्वत और जैव विविधता हमारी पहचान हैं। यदि हमें इस धरोहर को सुरक्षित रखना है, तो अधिक से अधिक वृक्ष लगाने होंगे और उससे भी महत्वपूर्ण, लगाए गए प्रत्येक पौधे का संरक्षण करना होगा।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमर सिंह राणा, निशान सिंह, अध्यक्ष क्रय-विक्रय समिति हरिकृष्ण राणा, जिला महामंत्री युवा मोर्चा शशांक वर्मा, जिला मंत्री अनुसूचित मोर्चा चरण सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्र शेखर मुंडेला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं जनता मौजूद थी।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *