‎पलायन की राह छोड़ सेब की बागवानी को बनाया आजीविका का आधार, खुद बने आत्मनिर्भर और दूसरों के लिए सृजित किए रोजगार के अवसर
‎‎1000 सेब के पौधों से संवारी आर्थिकी, सालाना 8-10 लाख की आय और स्वरोजगार के साथ रोजगार सृजन
‎‎सेब की बागवानी के साथ सौर ऊर्जा से सिंचाई को मिला बढ़ावा, बंजर खेतों में लहलहा रही सब्जियों की फसल
‎‎ पहाड़ में रोजगार के सीमित अवसरों के चलते जनपद के जौनपुर विकासखंड के ग्राम मीरीया, पट्टी लालूर निवासी राजेश सजवाण को भी कभी आजीविका की तलाश में अपना गांव छोड़कर दूसरे शहर जाना पड़ा था। वहां वह होटल में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। इसी बीच उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उद्यान विभाग के सहयोग से उन्हें गांव में ही स्वरोजगार की नई राह मिली। एप्पल मिशन योजना का लाभ लेकर वह शहर की नौकरी छोड़कर गांव लौटे और सेब की बागवानी को अपनी आजीविका का माध्यम बनाया और पहाड़ में स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश कर रहे हैं।
‎‎राजेश सजवाण बताते हैं कि वर्ष 2021-22 में उन्होंने एप्पल मिशन योजना के तहत 500 सेब के पौधे लगाए। इसके बाद वर्ष 2023-24 में 500 और पौधों का रोपण किया। इस प्रकार उन्होंने कुल 1000 सेब के पौधों से बागवानी की शुरुआत की। योजना के तहत सरकार की ओर से 80 प्रतिशत अनुदान मिला, जबकि 20 प्रतिशत धनराशि उन्होंने स्वयं खर्च की। शुरुआत में क्षेत्र के लोग यहां सेब की बागवानी की सफलता को लेकर आशंकित थे, लेकिन राजेश ने मेहनत और लगन से अपना प्रयास जारी रखा।
‎‎आज उनकी यह पहल क्षेत्र में बदलाव की मिसाल बन गई है। राजेश बताते हैं कि उनकी बागवानी से प्रेरित होकर आसपास के क्षेत्र में 100 से अधिक सेब के बगीचे विकसित हो चुके हैं। वर्तमान में उनके साथ 8 से 10 लोगों को गांव में ही रोजगार मिल रहा है। इससे स्थानीय लोगों को घर के आसपास ही आजीविका का साधन उपलब्ध हो रहा है। वहीं, राजेश की सालाना आय भी लगभग 8 से 10 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
‎‎राजेश बताते हैं कि पहले गांव और आसपास के खेतों में पानी की भारी किल्लत रहती थी। इसके समाधान के लिए लघु सिंचाई विभाग और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से सोलर वाटर लिफ्टिंग पंप स्थापित कराया गया। इससे खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचने लगा। आज जिन खेतों में पानी के अभाव में खेती करना मुश्किल था, वहां मटर, शिमला मिर्च और टमाटर सहित विभिन्न सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। इससे किसानों को खेती के नए विकल्प मिले हैं और बारिश पर निर्भरता भी कम हुई है।
‎‎जिला उद्यान अधिकारी पंकज पटवाल ने बताया कि जनपद में वर्ष 2020-21 से एप्पल मिशन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत एमएम-111 एवं एम-9 प्रजाति के सेब के पौधों का रोपण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाता है। योजना के माध्यम से पात्र किसानों को अनुदान एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उद्यान विभाग के प्रयासों से पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक बागवानी को बढ़ावा मिल रहा है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। राजेश सजवाण की सफलता इसका उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर पहाड़ में भी बागवानी को आजीविका का मजबूत माध्यम बनाया जा सकता है।
‎‎राजेश सजवाण कहते हैं कि शुरुआत में लोगों को लगता था कि उनके क्षेत्र में सेब की बागवानी संभव नहीं है, लेकिन आज परिणाम सबके सामने हैं। उन्होंने बताया कि सरकार से मिले अनुदान और सिंचाई की सुविधा ने उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका मानना है कि पहाड़ के युवाओं को अपनी जमीन और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर बागवानी एवं कृषि को स्वरोजगार के रूप में अपनाना चाहिए। इससे वे स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ गांव के अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं।
‎‎नौकरी के लिए गांव से दूसरे शहर तक का राजेश सजवाण का सफर और फिर बागवानी के जरिए गांव लौटकर स्वरोजगार अपनाना उनकी मेहनत और संकल्प की मिसाल है। उनकी इस सफलता में उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उद्यान विभाग के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। किसानों को अनुदान, तकनीकी सहयोग और सिंचाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों से पहाड़ में स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, स्थानीय स्तर पर आजीविका के साधन विकसित करने और पलायन रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *