‎भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण की कार्यवाही जारी
‎देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 19,131 प्रकरणों की सुनवाई शत-प्रतिशत पूर्ण, निर्धारित तिथि से तीन दिन पहले हासिल किया लक्ष्य
‎‎सूचना/टिहरी; भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की कार्यवाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जा रही है।
‎‎जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 994 मतदान केंद्र तथा 4,63,628 मतदाता हैं। इनमें घनसाली विधानसभा क्षेत्र में 85,081, देवप्रयाग में 75,437, नरेंद्रनगर में 79,199, प्रतापनगर में 74,237, टिहरी में 66,877 तथा धनोल्टी में 82,797 मतदाता शामिल हैं।
‎‎उन्होंने बताया कि प्रकाशित निर्वाचक नामावली के उपरांत अनमैप एवं विसंगति की श्रेणी में चिह्नित निर्वाचकों को नोटिस वितरित कर सुनवाई एवं सत्यापन की कार्यवाही की जा रही है। जनपद में कुल 1,17,501 नोटिस जारी एवं वितरित किए गए हैं, जिनमें से अब तक 1,07,333 प्रकरणों में सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है।
‎‎देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में शत-प्रतिशत सुनवाई पूर्ण
‎‎विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में कुल 19,131 नोटिस जनरेट किए गए थे तथा सभी 19,131 नोटिस संबंधित निर्वाचकों को वितरित किए जा चुके हैं। विधानसभा क्षेत्र-10 देवप्रयाग में जारी किए गए सभी नोटिसों के सापेक्ष सुनवाई की प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली गई है।
‎‎जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में सुनवाई पूर्ण करने की अंतिम निर्धारित तिथि 25 अगस्त 2026 थी, लेकिन निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों के समन्वित प्रयासों से 22 अगस्त 2026 को ही सभी 19,131 प्रकरणों की सुनवाई पूर्ण कर निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया गया। इस प्रकार देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में निर्धारित समय से तीन दिन पूर्व ही शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया गया है।
‎‎उन्होंने बताया कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सुनवाई एवं सत्यापन की कार्यवाही जारी है। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में सुनवाई की अंतिम तिथि 25 अगस्त, धनोल्टी में 27 अगस्त तथा घनसाली, नरेंद्रनगर एवं टिहरी विधानसभा क्षेत्र में 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
‎‎उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना है। इसके लिए नोटिस वितरण, सुनवाई, सत्यापन एवं प्रकरणों के निस्तारण की कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है, ताकि अंतिम निर्वाचक नामावली को निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित रूप से तैयार किया जा सके। एसआईआर के तहत प्राप्त प्रारूप-6, 7 एवं 8 के प्रकरणों का भी समयबद्ध निस्तारण किया जाना है। संबंधित अधिकारियों को जांच, सत्यापन एवं सुनवाई की कार्यवाही निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *