*उत्तराखंड उदय एक्सपोर्ट 2026 एवं किसान मेले का मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया शुभारंभ*

रूद्रपुर।ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म, मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर रुद्रपुर पहुंचे। रुद्रपुर स्थित यूआरआईडी पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी एवं महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इसके उपरांत मंत्री भरत सिंह चौधरी ने रुद्रपुर के मोदी मैदान में एलई मैसे इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित पांच दिवसीय “उत्तराखंड उदय एक्सपोर्ट 2026 एवं किसान मेले” का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया तथा भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां प्रदर्शित उत्पादों, कृषि आधारित सामग्री, स्थानीय उत्पादों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने मेले में प्रतिभाग कर रहे स्वयं सहायता समूहों, संस्थानों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय स्तर पर उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा किसानों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को नई संभावनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग कृषि, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, लघु उद्योगों एवं स्वरोजगार से जुड़े हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के साथ ही उत्पादकों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और बाजार की मांग को समझने का अवसर मिलता है। विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए ऐसे मंच आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ने में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

आयोजक समिति के निदेशक एस.के. त्रिपाठी ने बताया कि उत्तराखंड उदय एक्सपोर्ट 2026 एवं किसान मेला 17 सितम्बर से 21 सितम्बर 2026 तक पांच दिनों तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में कुमाऊं मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों किसानों के प्रतिभाग करने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि मेले में कुल 80 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से 60 स्टॉल स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से महिला समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के साथ ही संभावित खरीदारों और बाजार से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

मेले में कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विभिन्न उत्पादों और गतिविधियों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों, संस्थानों एवं विभागों की ओर से तैयार किए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, मेले का उद्देश्य किसानों, उत्पादकों, महिला समूहों, उद्यमियों एवं उपभोक्ताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जिससे स्थानीय स्तर पर उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन को बढ़ावा मिल सके।

मेले में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भागीदारी को ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों को एक बड़े मंच पर प्रदर्शित किए जाने से उन्हें अपने उत्पादों की पहचान बनाने तथा नए बाजार तलाशने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान आयोजक समिति की ओर से मुख्य अतिथि मंत्री भरत सिंह चौधरी सहित विशिष्ट अतिथि विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा और भाजपा नेता सुरेश कोली को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आयोजक समिति के पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, किसान, उद्यमी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *