*ग्वेफड़ में जल जीवन मिशन के तहत ‘जल अर्पण दिवस’ समारोह आयोजित*

*हर घर नल–हर घर जल प्रमाणीकरण के साथ ग्रामसभा ग्वेफड़ की औपचारिक घोषणा*

जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखण्ड अगस्त्यमुनी अंतर्गत ग्रामसभा ग्वेफड़ में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के तहत निर्मित ग्वेफड़ पेयजल योजना का “जल अर्पण दिवस” समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखण्ड जल संस्थान रुद्रप्रयाग की टीम एवं ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

समारोह की अध्यक्षता विधायक, विधानसभा क्षेत्र रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी द्वारा की गई, जबकि ब्लॉक प्रमुख अगस्त्यमुनी भुवनेश्वरी देवी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मा० विधायक ने ग्राम प्रधान एवं अध्यक्ष, ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता समिति लीला सिंह बिष्ट को “हर घर जल” प्रमाणीकरण प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए जल अर्पण कार्यक्रम सम्पन्न कराया।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड जल संस्थान रुद्रप्रयाग के कनिष्ठ अभियन्ता उज्जवल पेटवाल ने पेयजल योजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके संचालन एवं रखरखाव में ग्रामवासियों की सहभागिता पर बल दिया। उन्होंने जल संरक्षण एवं स्वच्छ जल के सतत उपयोग हेतु ग्रामीणों को प्रेरित किया।

जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता हेतु राजकीय इंटर कॉलेज ग्वेफड़ के विद्यार्थियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें पूरे गांव में जल संरक्षण के नारों के माध्यम से जागरूकता संदेश दिया गया। इसके उपरांत विद्यालयी छात्राओं एवं ग्रामीण महिलाओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत तथा राज्य के पारंपरिक लोकनृत्य ‘झुमेलो’ की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।

कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय ग्वेफड़ के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह का ध्यान आकर्षित किया। प्रस्तुति के उपरांत मा० विधायक द्वारा सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर अधिशासी अभियन्ता उत्तराखण्ड जल संस्थान अनीश पिल्लई एवं सहायक अभियन्ता रेवत सिंह रावत ने जल जीवन मिशन की सफलता पर ग्रामीणों को बधाई देते हुए जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। विधायक महोदय द्वारा पेयजल योजना स्थल पर जल बंधन एवं जल पूजन कर जल के महत्व पर प्रकाश डाला गया। स्वयं सहायता समूह एवं ग्रामीण मंगल दल की महिलाओं द्वारा रंगोली के माध्यम से योजना का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसका निरीक्षण कर विधायक जी ने सराहना की।

ब्लॉक प्रमुख अगस्त्यमुनि भुवनेश्वरी देवी ने भी भविष्य में जल संरक्षण की आवश्यकता एवं पेयजल संसाधनों के सतत उपयोग पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान अतिथिगणों द्वारा ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता समिति की 05 महिलाओं को पेयजल गुणवत्ता जांच हेतु फील्ड टेस्ट किट वितरित की गई तथा विभागीय अधिकारियों द्वारा किट के उपयोग का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में ग्वेफड़ पेयजल योजना के अंतर्गत “हर घर नल–हर घर जल” प्रमाणीकरण की औपचारिक घोषणा की गई तथा ग्रामसभा ग्वेफड़ एवं जल संस्थान परिवार को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पवन कुमार, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य शीला रावत, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, तहसीलदार प्रणव एस.सी. पाण्डेय, नोडल अधिकारी जल जीवन मिशन नवल कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश प्रसाद कोठारी, कनिष्ठ अभियन्ता जितेन्द्र सिंह रावत, पेयजल सचिव संतोषी नेगी, डी.डब्ल्यू.एस.एम. कॉर्डिनेटर हेमलता मैठाणी, एनजीओ प्रमुख जयवीर बर्तवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सैन सिंह बिष्ट, पूर्व प्रधान पाबों सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान भुनका रविन्द्र राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *