*कौशल के दम पर विदेश में नौकरी का सपना होगा साकार*
*नर्सिंग व अन्य क्षेत्रों में जर्मनी-जापान के रोजगार अवसरों की युवाओं को मिली जानकारी*
*सूचना/टिहरी/18 सितंबर, 2026;* जिला सेवायोजन कार्यालय, टिहरी गढ़वाल एवं कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को क्रीड़ा भवन, नई टिहरी में ओवरसीज प्लेसमेंट वर्कशॉप आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना सहित विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यशाला का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला में युवाओं को विशेष रूप से जर्मनी एवं जापान में नर्सिंग क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। ट्रेनिंग पार्टनर लर्ननेट स्किल लिमिटेड की टीम ने विदेश में रोजगार के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता, कौशल, प्रशिक्षण, भाषा ज्ञान, पात्रता और प्लेसमेंट प्रक्रिया की जानकारी साझा की। युवाओं को बताया गया कि आवश्यक प्रशिक्षण एवं पात्रता पूरी करने के बाद उन्हें विदेशों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने में उपयोगी हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने तथा युवाओं से अपने अनुभव परिवार के साथ साझा करते हुए बेहतर अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कौशल विकास योजनाओं का लाभ युवाओं तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश के साथ-साथ विदेशों में भी युवाओं के लिए रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। युवाओं को अपनी शैक्षिक योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त कर इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से बेहतर रोजगार हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में पूर्व में चयनित होकर जापान में कार्यरत प्रीति नेगी और सूरज नेगी के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान अभिभावकों ने भी विदेश में रोजगार प्राप्त कर रहे युवाओं के अनुभव साझा किए।
कार्यशाला में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने प्रतिभाग किया। बड़ी संख्या में अभिभावक भी अपने बच्चों के साथ पहुंचे। प्रतिभागियों ने विदेश में रोजगार, नर्सिंग क्षेत्र में संभावनाओं, प्रशिक्षण, भाषा सीखने और प्लेसमेंट प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। कार्यशाला के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास के साथ सुरक्षित विदेश रोजगार और वैश्विक रोजगार के अवसरों से जोड़ने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए ज्योति, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की उप निदेशक चन्द्रकांता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, जिला सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव सहित कौशल विकास एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।