*भीमताल झील के पुनर्जीवन की दिशा में SARRA की पहल: मंत्री कैड़ा*

*चार दिवसीय बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण संपन्न*

*आधुनिक तकनीक से किया गया झील की गहराई, जल भंडारण क्षमता एवं तलछट का वैज्ञानिक आकलन*

*सर्वेक्षण के आधार पर तैयार होगी पुनर्जीवन एवं ड्रेजिंग की कार्ययोजना*

देहरादून। उत्तराखंड की प्रमुख प्राकृतिक झीलों में शामिल नैनीताल जनपद की भीमताल झील के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA), मुख्यालय देहरादून द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देशों के क्रम में 20 से 23 नवंबर 2026 तक भीमताल झील का चार दिवसीय विस्तृत बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण (Bathymetric Survey) कराया गया। जलागम मंत्री ने कहा कि इस वैज्ञानिक सर्वेक्षण का उद्देश्य झील की वर्तमान गहराई, जल भंडारण क्षमता, झील के तल पर जमा गाद एवं तलछट की स्थिति का सटीक आकलन करना तथा भविष्य में झील के पुनर्जीवन एवं ड्रेजिंग (गाद निकासी) की संभावनाओं का तकनीकी मूल्यांकन करना है।

यह सर्वेक्षण रुड़की स्थित सर्वेक्षण एजेंसी मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज (M/s Geoscience Consultancy Services, Roorkee) के माध्यम से आधुनिक सर्वेक्षण उपकरणों की सहायता से संपन्न कराया गया। सर्वेक्षण कार्य के दौरान मोटर बोट पर स्थापित इकोसाउंडर (Echosounder) उपकरण के माध्यम से झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई का मापन किया गया। वहीं, झील की परिधि पर DGPS (Differential Global Positioning System) उपकरण स्थापित कर सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति एवं निर्देशांक दर्ज किए गए। इस तकनीक के माध्यम से झील की गहराई एवं तल की संरचना से संबंधित आंकड़ों का अधिक सटीक और वैज्ञानिक संकलन किया गया।

सर्वेक्षण के लिए ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर तथा मल्टी-कॉन्स्टेलेशन DGPS/GNSS सिस्टम का उपयोग किया गया। उपकरणों में RTK/CORS करेक्शन की व्यवस्था के साथ ट्रांसड्यूसर की माउंटिंग डेप्थ, ऑफसेट तथा जलस्तर का मापन एवं आवश्यक डेप्थ करेक्शन भी तकनीकी प्रक्रिया का हिस्सा रहा।

सर्वेक्षण के दौरान लगभग 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए। साथ ही सर्वेक्षण की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त क्रॉस-चेक लाइन एवं झील की बाउंड्री का भी सर्वेक्षण किया गया।

झील की जल भंडारण क्षमता और गाद की मात्रा का होगा आकलन

इस सर्वेक्षण का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य भीमताल झील की वर्तमान स्थिति का वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार तैयार करना है। इसके अंतर्गत झील की बैथिमेट्रिक कंटूर एवं डेप्थ प्लान, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल, डिजिटल बेड सरफेस तथा साउंडिंग डेटा तैयार किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त झील के तल पर जमा तलछट की मोटाई एवं संभावित ड्रेजिंग की मात्रा का आकलन किया जाएगा। सर्वेक्षण के आंकड़ों के आधार पर 3D डिजिटल टेरेन मॉडल (DTM), 10 मीटर CAD क्रॉस-सेक्शन, झील की कुल जल भंडारण क्षमता, सिल्ट कैपेसिटी तथा एरिया-कैपेसिटी कर्व तैयार किए जाएंगे।

इन तकनीकी आंकड़ों से यह समझने में मदद मिलेगी कि वर्तमान में झील की जल संग्रहण क्षमता कितनी है, झील के किन हिस्सों में अधिक तलछट जमा है तथा वैज्ञानिक तरीके से गाद निकासी की कितनी संभावनाएं मौजूद हैं।

वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर तैयार होगी झील के पुनर्जीवन की योजना

भीमताल झील का यह सर्वेक्षण केवल गहराई मापन तक सीमित नहीं है, बल्कि झील की वर्तमान भौतिक एवं जल संग्रहण स्थिति को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण तकनीकी कदम है। सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों एवं विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर झील में जमा गाद की स्थिति, जल भंडारण क्षमता तथा ड्रेजिंग की व्यवहार्यता का मूल्यांकन किया जाएगा।

इस अध्ययन से भविष्य में भीमताल झील के संरक्षण, जल संग्रहण क्षमता के बेहतर प्रबंधन तथा पुनर्जीवन से संबंधित कार्यों की योजना तैयार करने में वैज्ञानिक आधार उपलब्ध होगा।

SARRA द्वारा इस पहल के माध्यम से जल स्रोतों एवं प्राकृतिक जल निकायों के संरक्षण और संवर्धन के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी जा रही है। भीमताल झील का यह अध्ययन उत्तराखंड की महत्वपूर्ण प्राकृतिक जल संपदाओं के दीर्घकालिक संरक्षण एवं सतत प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। जिसका प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ स्थानीय लोगों, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को मिलेगा।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *