12 साल बेमिसाल – नया इतिहास, नया भारत!
परमार्थ निकेतन में राष्ट्र की समृद्धि एवं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के स्वस्थ, दीर्घ एवं समुन्नत जीवन हेतु विशेष हवन
कालजयी इतिहास • अद्भुत • अविस्मरणीय • दिव्य एवं भव्य गाथा
ऋषिकेश, 10 जून 2026। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में आज का दिन एक स्वर्णिम और गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में माँ गंगा के पावन तट पर राष्ट्र की समृद्धि, शांति, सुरक्षा एवं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के स्वस्थ, दीर्घ, दिव्य और समुन्नत जीवन की मंगलकामना के साथ विशेष वैदिक हवन एवं प्रार्थना पूज्य स्वामी चिदानन्द सर।स्वती जी और साध्वी भगवती सरस्वती जी के पावन सान्निध्य में आयोजित की।

परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने इस अवसर पर कहा कि यह उपलब्धि केवल समय की गणना का एक रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण, संकल्प और राष्ट्रनिर्माण की एक प्रेरणादायी यात्रा का प्रतीक है। यह 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी आस्था तथा सुशासन के प्रति प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की अविचल प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।

पूज्य स्वामी जी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, नवाचार, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। भारत ने केवल आर्थिक और तकनीकी प्रगति ही नहीं की, बल्कि अपनी प्राचीन आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक मूल्यों और मानवीय दृष्टिकोण को भी विश्व के समक्ष प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया है। आज भारत विश्व समुदाय को “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश देकर मानवता, करुणा और सह-अस्तित्व की दिशा में प्रेरित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने परिवर्तन के अनेक स्वर्णिम अध्याय लिखे हैं। नई संसद का निर्माण, तीन नए आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन, नई शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा का भारतीयकरण, मातृभाषाओं में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग शिक्षा का मार्ग प्रशस्त होना तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान का जन-जन तक पहुँचना ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हैं। इन पहलों ने भारत को आत्मविश्वासी, सक्षम और भविष्य के लिए तैयार राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी भारत ने अभूतपूर्व शक्ति और दृढ़ता का परिचय दिया है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 का निष्कासन, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण, नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई तथा आतंकवाद के खिलाफ कठोर और प्रभावी कदमों ने नए भारत की सामर्थ्य और संकल्प को विश्व के सामने स्थापित किया है। भारत आज अपनी सीमाओं की सुरक्षा, राष्ट्रीय हितों की रक्षा और वैश्विक मंचों पर सशक्त नेतृत्व के लिए जाना जाता है।

पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति केवल उसकी आर्थिक प्रगति नहीं होती, बल्कि उसके नागरिकों का आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और अपनी पहचान के प्रति गौरवबोध होता है। पिछले वर्षों में भारत ने अपनी संस्कृति, विरासत, आध्यात्मिक मूल्यों और राष्ट्रीय पहचान पर गर्व करना सीखा है। देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना, आत्मगौरव और सकारात्मक दृष्टिकोण का जो जागरण हुआ है, वह आधुनिक भारत की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है।

विशेष हवन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ राष्ट्र की उन्नति, विश्व शांति, सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण तथा समस्त मानवता के कल्याण के लिए प्रार्थनाएँ की गईं। उपस्थित ऋषिकुमारों, भक्तों और श्रद्धालुओं ने भी इस ऐतिहासिक अवसर पर अपनी शुभकामनाएँ अर्पित कीं।

पूज्य स्वामी जी ने माँ गंगा से प्रार्थना करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, दिव्य ऊर्जा, सतत राष्ट्रसेवा की शक्ति एवं सफल नेतृत्व प्रदान करें, ताकि वे विकसित, समृद्ध, आत्मनिर्भर, संस्कारित और आध्यात्मिक भारत के निर्माण के इस महान यज्ञ को निरंतर आगे बढ़ाते रहें।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *