देहरादून के 116 परीक्षा केंद्रों पर होगी स्नातक स्तरीय परीक्षा, 46350 अभ्यर्थी होंगे शामिल

14 जून को 11 से 01 बजे तक आयोजित होगी परीक्षा, केंद्रों पर रहेगी कडी निगरानी

निष्पक्ष परीक्षा संचालन के लिए प्रशासन अलर्ट, प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियां तय

परीक्षा की पारदर्शिता व निष्पक्षता सर्वाेपरि, डीएम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

देहरादून , उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आगामी रविवार, 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा के लिए जिला प्रशासन देहरादून ने कमर कस ली है। जनपद के 116 परीक्षा केंद्रों पर कुल 46,350 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू और सफल संचालन के लिए पूरे जनपद को जोनों में बांटते हुए 11 जोनल और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए गुरूवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में सभी जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी पुलिस, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व में स्थलीय निरीक्षण करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, फेस ऑथेंटिकेशन एप एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की सूक्ष्मता से जांच सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों को पूर्ण रूप से सैनिटाइज किया जाए। इसके अतिरिक्त अधिकारियों को अपने मोबाइल नंबर संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों को उपलब्ध कराने तथा परीक्षा अवधि के दौरान मोबाइल फोन सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सभी तैनात अधिकारियों को परीक्षा आयोजन के संदर्भ में विस्तार जानकारी प्रदान की गई।

इस दौरान बताया कि परीक्षा एकल पाली में प्रातः 11 बजे से 01 बजे तक आयोजित होगी। विकासनगर, ऋषिकेश तथा डोईवाला के प्रातः 6ः00 बजे और देहरादून के 7ः00 बजे प्रश्नपत्रों के सील्ड पैकेट कोषागार के डबल लॉकर से उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा व्यवस्था एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा सहित आयोग के प्रतिनिधि, सभी जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस के नोडल अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित थे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed