जन-जन तक पहुंचीं सरकार की योजनाएं, ऊखीमठ में सेवा सप्ताह के तहत लगा बहुविभागीय शिविर, बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण

सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सेवा सप्ताह के अवसर पर जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड ऊखीमठ सभागार में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना, आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में दूरस्थ गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अनेक लोगों ने मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी उठाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने की, जबकि केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली तथा लाभार्थियों से संवाद भी किया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, मत्स्य, पर्यटन, डेयरी, सहकारिता, रीप, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, पशुपालन, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, आजीविका, स्वरोजगार सहित अनेक विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और कई लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा गया।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण स्थानीय संस्कृति की झलक रही। विभिन्न महिला मंगल दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। वहीं प्रसिद्ध जागर गायिका श्रीमती रामेश्वरी भट्ट ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की योजनाओं से उन्हें स्वरोजगार, आजीविका, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय लाभ मिला है। लाभार्थियों ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

सूचना विभाग द्वारा भी कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं एवं प्रचार सामग्री वितरित की गई, जिससे लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो सके।

मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों, छात्र-छात्राओं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने कहा कि सेवा सप्ताह के ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धरवाण, प्रधान संघठन महामंत्री मदन भट्ट,जिला पंचायत सदस्य कालीमठ सरोज राणा, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला पूर्ति अधिकारी के. एस. कोहली, खंड विकास अधिकारी अनुष्का ,तहसीलदार निशांत काम्बोज ,सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में दूर-दराज के क्षेत्रों से आए ग्रामीण उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *