
*DG MoRTH विनय कुमार राजावत ने किया केदारनाथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण, सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश*

महानिदेशक, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (DG, MoRTH) विनय कुमार राजावत ने जनपद भ्रमण के दौरान केदारनाथ यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जिला प्रशासन तथा राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान DG ने श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से NH-07 तथा NH-107 को जोड़ने के लिए निर्मित 900 मीटर लंबी सुरंग, एप्रोच सड़क और 200 मीटर लंबे पुल की सभी सुरक्षा रिपोर्ट तत्काल तैयार करने को कहा। साथ ही इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लोकार्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि जल्द ही इन्हें जनता को समर्पित किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा मार्ग पर जहां-जहां दुर्गम मोड़ या जोखिम भरे स्थल हैं, उन्हें सुगम और राइड करने योग्य बनाने के लिए आवश्यक कार्यों को कार्ययोजना में शामिल किया जाए। बरसात के कारण जगह-जगह हुई सड़क क्षति को देखते हुए उन्होंने वर्षा रुकते ही सभी पैच मरम्मत कार्यों को युद्धस्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
*11 स्लाइड जोन का उपचार पूरा, 14 पर काम जारी*
इस संबंध में जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर सुरक्षित यात्रा के लिए भारत सरकार द्वारा 25 स्लाइड जोन एवं सिंकिंग जोन के उपचार का कार्य स्वीकृत किया गया है। इसमें से 11 संवेदनशील स्थलों पर उपचार कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष 14 स्थलों पर कार्य तेजी से प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से अब तक लगभग 60 किलोमीटर की दूरी में क्रैश बैरियर स्थापित किए जा चुके हैं। DG MoRTH ने इन सुरक्षा एवं सुधार कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और शेष बचे सभी कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान क्षेत्रीय अधिकारी देहरादून मिनिस्ट्री ऑफ़ रोड ट्रांसपोर्ट हाईवे पंकज सिंह, अधिशासी अभियंता RO MoRTH अभिषेक, अधीक्षण अभियंता10th सर्कल अरुण कुमार पांडे, अधिशासी अभियंता ओमकार पांडे, सहायक अभियंता प्रेरणा जगूड़ी, कनिष्ठ अभियंता राजन राणा सहित अन्य उपस्थित रहे।
