
*राइका पांजणा में सेवा संकल्प अभियान के तहत करियर काउंसिलिंग व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज पांजणा में करियर काउंसिलिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भविष्य के लिए सही दिशा देना और सरकारी योजनाओं से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला समाज कल्याण अधिकारी टी. आर. मलेठा ने छात्र-छात्राओं को करियर काउंसिलिंग के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने छात्रों को बताया कि किस प्रकार वे अपनी रुचि के अनुसार सही करियर का चयन कर सकते हैं और इसके लिए किन बातों का ध्यान रखना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं, अटल अभ्युदय योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभू प्रसाद ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए करियर निर्माण, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जिसमें भाषण प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में दीपिका ने और सीनियर वर्ग में सुहानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्रा सुहानी प्रथम रही, जबकि पोस्टर प्रतियोगिता में आरुषि ने बाजी मारी। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम में सहायक समाज कल्याण अधिकारी, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
