*मुख्यमंत्री ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र*

*ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन करें नवनियुक्त अधिकारी : मुख्यमंत्री*

*राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध निस्तारण एवं आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने पर दिया जोर*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने 36 चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त अधिकारियों की इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ ही उनके माता-पिता एवं गुरुजनों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र के साथ ही आप सभी को जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है। आपके कार्यों से आमजन को समय पर राहत मिले, यही आपकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन एवं राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि एक किसान के लिए उसकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण के निस्तारण में इससे जुड़े परिवारों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुई क्षति का सही एवं समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार राहत शीघ्र पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। सभी अधिकारी अपने सेवाकाल में किसी भी प्रकार के दबाव, सिफारिश अथवा प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने कहा कि बिना किसी सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज कार्य का भी पूरी तत्परता से निस्तारण करना निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है। सभी अधिकारी इस मंत्र को अपनी कार्यशैली में शामिल करें। कार्यप्रणाली को सरल बनाने के साथ ही नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और युवाओं की मेहनत एवं भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले 5 साल में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से अपने पद की गरिमा बनाए रखने, जनता के प्रति संवेदनशील रहने तथा प्रत्येक निर्णय ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ लेने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की पहचान इस बात से बनेगी कि आमजन कितने विश्वास के साथ अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आते हैं और उन्हें कितनी सहजता से समाधान मिलता है।

मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल सरकारी सेवा नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजस्व प्रशासन के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है, इसी सोच के साथ अधिकारियों को कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन लोगों के प्रति अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त अधिकारी जिस ध्येय के साथ सरकारी सेवा में आए हैं, उसे प्राप्त करने में सफल होंगे।

इस अवसर पर सचिव राजस्व श्री एस. एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद श्रीमती रंजना राजगुरु एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद थे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *