ज्ञान भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

जनपद में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, पंजीकरण, संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन के लिए संबंधित विभागों को दिए निर्देश

आमजन, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थान अपनी पांडुलिपियों की जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय में करा सकते हैं उपलब्ध

हरिद्वार,जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में ज्ञान भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, पंजीकरण, संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही मिशन के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों एवं उनकी भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि ज्ञान भारत मिशन भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य देश की प्राचीन एवं समृद्ध ज्ञान परंपरा को संरक्षित करना, उसका दस्तावेजीकरण एवं डिजिटाइजेशन कर भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना तथा इस ज्ञान को आमजन के लिए सुलभ बनाना है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जनपद के सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों, गुरुद्वारों तथा अन्य संस्थाओं में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों एवं दुर्लभ ज्ञान सामग्री का समयबद्ध सर्वेक्षण एवं पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद में किसी भी व्यक्ति, धार्मिक संस्था, स्वयंसेवी संगठन अथवा शिक्षण संस्थान के पास प्राचीन पांडुलिपियां, हस्तलिखित ग्रंथ या अन्य दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है तो इसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी, हरिद्वार के कार्यालय में उपलब्ध कराई जा सकती है। इसके अतिरिक्त जनपद के खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों एवं संस्कृत महाविद्यालयों के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा सकती है, ताकि उपलब्ध पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग कर उनका वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन कराया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय, शिक्षा विभाग एवं नगर निगम सहित अन्य संबंधित संस्थानों से मिशन के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्ध पांडुलिपियों की पहचान एवं जानकारी संकलित करें।
बैठक में अवगत कराया गया कि राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है, जिसके माध्यम से पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग एवं डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। वहीं, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को सदस्य नामित किया गया है। यह समिति जनपद में उपलब्ध पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, सत्यापन, संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन से संबंधित कार्यों का समन्वय करेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी आमजन, धार्मिक संस्थान, स्वयंसेवी संस्था, शिक्षण संस्थान, आश्रम, मठ अथवा सामाजिक संगठन के पास प्राचीन पांडुलिपियां, हस्तलिखित ग्रंथ या दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है तो वे इस राष्ट्रीय अभियान में अपना सहयोग अवश्य प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही हमारी प्राचीन ज्ञान एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकता है।
बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने ज्ञान भारत मिशन के उद्देश्यों, कार्ययोजना एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों एवं अन्य संस्थाओं में उपलब्ध पांडुलिपियों की पहचान कर उनका सर्वेक्षण एवं पंजीकरण किया जाएगा। पंजीकृत पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम (GYAN BHARATAM) ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से डिजिटाइज कर संरक्षित किया जाएगा।
बैठक में शोध अधिकारी, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय डॉ. हरीश चंद्र गुरानी, प्रभारी प्राचार्य श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय डॉ. रविंद्र कुमार, पतंजलि विश्वविद्यालय से डॉ. स्वाति आर्य, कुलसचिव उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय दिनेश कुमार, कुलसचिव देव संस्कृति विश्वविद्यालय दाऊ देवगण, श्रीराम सोनपे, उप नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद, पूर्णिमा बिष्ट, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *