कुंभ-2027: धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित हो रहा है आस्थापथ, निर्माण कार्यों में तेजी

आस्थापथ के विस्तार से श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी तक आवागमन में मिलेगी बेहतर सुविधा, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन निकासी में भी होगी सहूलियत

मेलाधिकारी सोनिका ने चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल भ्रमण कर परखी विकास कार्यों की प्रगति, तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश

हरिद्वार, कुंभ मेला-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन की तैयारियों के तहत हरिद्वार में अवस्थापना सुविधाओं के विकास और विस्तार के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं एवं स्थानीय निवासियों की सुविधा, सुगम आवागमन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुंभ मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इसी क्रम में आस्थापथ को सजाने-संवारने के साथ ही इस मार्ग को धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित करने की महत्वपूर्ण परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी तक आवागमन का एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। साथ ही कुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बुधवार को चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल भ्रमण कर आस्थापथ के विस्तार एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना के विभिन्न हिस्सों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

परियोजना के तहत धनुष पुल से आस्था पुल को जोड़ते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग तक मार्ग का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके आगे पार्किंग से सटे तटवर्ती क्षेत्र में लगभग 270 मीटर लंबे एलीवेटेड मार्ग का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। मेलाधिकारी ने एलीवेटेड मार्ग के निर्माण कार्यों में विशेष तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि कुंभ मेला प्रारंभ होने से पहले आस्थापथ के विस्तारित हिस्से को पूरी तरह सुव्यवस्थित और सुसज्जित कर लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को दिन-रात कार्य जारी रखने के साथ ही नियमित स्थलीय निरीक्षण, निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मेलाधिकारी ने धनुष पुल से सीसीआर के मध्य नवनिर्मित घाट पर अंतिम चरण में चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने घाट से संबंधित शेष कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जनसुविधाओं और प्रकाश व्यवस्था के सभी इंतजाम समय से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि घाट पर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्माण कार्य के साथ ही पूरी कर ली जाएं।

इसके अतिरिक्त मेलाधिकारी ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों तथा एडमिन रोड के निर्माण की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए रोड़ी बेलवाला क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी और कारगर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने क्षेत्र में जनसुविधाओं के विकास तथा प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की हिदायत दी।

उल्लेखनीय है कि आस्थापथ के विस्तार की महत्वपूर्ण परियोजना के अंतर्गत धनुष पुल से चंडी चौक तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण यूआईआईडीबी की रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना के तहत यूपीडीसीसी के माध्यम से कराया जा रहा है। इसके आगे आस्थापथ को बैरागी कैंप से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है। धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्थापथ का विस्तार होने से हरकी पैड़ी की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन का एक सुगम विकल्प मिलेगा। इसके साथ ही कुंभ के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने, भीड़ का दबाव कम करने तथा आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन निकासी सुनिश्चित करने में यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

निरीक्षण के दौरान यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक श्री सुमित मलवाल, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अभियंता श्री भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *