कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में संचालित विभिन्न अवस्थापना विकास कार्यों की प्रगति की विभिन्न स्तरों पर निरंतर समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में आयुक्त गढ़वाल मंडल श्री आनंद स्वरूप ने शनिवार को हरिद्वार का भ्रमण कर कुंभ मेला से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और थर्ड पार्टी से गुणवत्ता की जांच भी कराई जाए। निरीक्षण अथवा जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेला जैसे महत्वपूर्ण आयोजन से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर एवं सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मंडलायुक्त श्री आनंद स्वरूप ने भ्रमण के दौरान बैरागी कैंप क्षेत्र में आगामी कुंभ मेला के दौरान स्थापित होने वाले शिविरों के लिए पेयजल व्यवस्था से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरागी कैंप में 526.81 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन 1500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक, दो ट्यूबवेल एवं पंप हाउस निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं एवं संत समाज के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

इसके उपरांत मंडलायुक्त ने बजरीवाला क्षेत्र में ट्यूबवेल स्थापना कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए अस्थाई पेयजल लाइनों के बिछाने की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत एवं सुचारु बनाए रखने के लिए सभी कार्य निर्धारित योजना के अनुसार पूरे किए जाएं।

मंडलायुक्त ने दक्षद्वीप क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनाई जा रही सड़क के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही दक्षद्वीप क्षेत्र में प्रस्तावित अस्थाई पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया और अधिकारियों से पार्किंग स्थल की तैयारियों एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला-2027 के दौरान यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, पेयजल, पार्किंग, सड़क, पुल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन के लिए प्रत्येक छोटी-बड़ी व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मंडलायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करते रहें और कार्यों की प्रगति में आने वाली किसी भी बाधा का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री उत्तम सिंह चौहान, उप मेलाधिकारी श्री मनजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *