*कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक*

*घाटों के शेष निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश*

*सभी सेक्टरों में अस्थाई व्यवस्थाओं के कार्य समानांतर रूप से संचालित करने पर जोर*

*कार्य में देरी पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई*

*हरिद्वार।आयुक्त गढ़वाल मंडल श्री आनंद स्वरूप ने सोमवार को हरिद्वार भ्रमण के दौरान कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत संचालित विभिन्न निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने डाम कोठी में अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ मेले से जुड़ी निर्माण योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं अस्थाई व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।Ma

मंडलायुक्त ने सबसे पहले अटल बिहारी वाजपेयी राज्य अतिथि गृह, हरिद्वार में चल रहे अनुरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला शुरू होने से पहले अतिथि गृह को पूरी तरह सुव्यवस्थित एवं सुसज्जित कर लिया जाए, ताकि मेले के दौरान यहां आने वाले अतिथियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें।

इसके पश्चात उन्होंने भगत सिंह चौक क्षेत्र में निर्माणाधीन फुटपाथ का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के साथ ही पैदल यात्रियों की सुगम एवं सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने इसके बाद अमरापुर घाट एवं नगर निगम घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुंभ क्षेत्र में घाटों के नवनिर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। गंगा नहर की क्लोजर अवधि के दौरान घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों के निर्माण एवं मरम्मत के कार्य पूरे किए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने शेष निर्माण कार्यों के साथ ही घाटों की साज-सज्जा एवं सौंदर्यीकरण के कार्य भी अविलंब पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को अमरापुर घाट के निकट कांवड़ पटरी से सटे हरित क्षेत्र की रेलिंग की पेंटिंग कराने तथा पूरे क्षेत्र को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीवर लाइन के लिए निर्मित पुल का रंग-रोगन कराने को भी कहा।

मंडलायुक्त ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, सतीद्वीप एवं गौरीशंकर क्षेत्र में कुंभ शिविरों की स्थापना के लिए संचालित अस्थाई कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन क्षेत्रों में सड़कों, पार्किंग, अस्थाई पुलों, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ के लिए निर्माण कार्यों एवं अस्थाई व्यवस्थाओं की सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी होना आवश्यक है। इसके लिए सभी कार्य समानांतर रूप से संचालित किए जाएं, ताकि किसी एक कार्य में देरी का असर अन्य व्यवस्थाओं पर न पड़े।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन संपन्न कार्यों की प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित उपलब्ध कराने तथा सभी कार्यों की अद्यतन स्थिति नियमित रूप से ऑनलाइन डैशबोर्ड पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद डाम कोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने सड़कों एवं पुलों के निर्माण, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित कुंभ मेले से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्यों एवं तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए सभी सेक्टरों में संचालित अस्थाई कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए अलग से अधिकारियों की तैनाती करने को कहा।

मंडलायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप कुंभ-2027 का दिव्य एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। सभी सेक्टरों में अस्थाई व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य पूरी तेजी से संचालित किए जाएं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कुंभ मेले की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि गंगा नहर की क्लोजर अवधि के दौरान घाटों के जलमग्न हिस्सों के निर्माण एवं मरम्मत का महत्वपूर्ण कार्य पूरा करा लिया गया है। इसी प्रकार स्थायी पुलों के निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए दिन-रात कार्य कराया जा रहा है और विभिन्न स्तरों पर नियमित निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि कुंभ के प्रमुख शिविर क्षेत्रों गौरीशंकर, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप एवं सतीद्वीप सेक्टर में अस्थाई सड़कों के निर्माण, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यों में अब तक 70 प्रतिशत से अधिक प्रगति हासिल कर ली गई है। अस्थाई पुलों का निर्माण भी प्रगति पर है और इन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करा लिया जाएगा।

मेलाधिकारी ने बताया कि हरिद्वार में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पीआईयू एवं नगर निगम के माध्यम से लगभग 2,500 लाइटें स्थापित की जा रही हैं। इनमें सोलर लाइटें भी शामिल हैं।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप मेलाधिकारी श्री आकाश जोशी, श्री मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *