कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में व्यापक व्यवस्थाएं, 8 जोन और 30 सेक्टरों में तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

23 एवं 24 नवंबर को मजिस्ट्रेटों की तैनाती, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम; सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं पर रहेगी कड़ी निगरानी

हरिद्वार,  आगामी 24 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। स्नान पर्व पर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विस्तृत आदेश जारी कर जनपद में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है।
जारी आदेश के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से 24 नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक सभी संबंधित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। स्नान पर्व की व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जनपद को 8 जोन एवं 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हरकी पैड़ी, माई सतीघाट, सुभाष घाट, बाईपास, खड़खड़ी, अपर रोड, सिंहद्वार एवं मनसा देवी मंदिर को जोन बनाया गया है।
जोनल मजिस्ट्रेटों के रूप में हरकी पैड़ी जोन में श्री हरि गिरि,नाई सोता घाट जोन में श्री मंजीत सिंह, सुभाष घाट जोन में श्री आकाश जोशी, बाईपास जोन में श्री योगेश कुमार, खड़खड़ी जोन में श्री गोपाल राम बिनवाल, अपर रोड जोन में श्री अतुल प्रताप सिंह, सिंहद्वार जोन में श्री खुशवंत सिंह चौहान तथा मनसा देवी मंदिर जोन में श्री योगेश मेहरा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, 30 सेक्टरों में हरकी पैड़ी, मालवीय दीप, कांगड़ा पुल एवं नया संजय पुल, महिला घाट, भारत स्काउट एंड गाइड हरकी पैड़ी, सुभाष घाट, गऊ घाट, मोती बाजार एवं बड़ा बाजार, कुशाघाट चौक, विष्णुघाट, पावन धाम, रोड़ी बेलवाला, धोबी घाट पार्किंग, पंतद्वीप, चंडी चौराहा, चंडी घाट पार्किंग, चंडी देवी मंदिर, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, रतन टॉकीज, पोस्ट ऑफिस, शिवमूर्ति, देवपुरा, ऋषिकुल, सिंहद्वार, बैरागी कैंप, रेलवे स्टेशन, मनसा देवी मंदिर, हिल बाईपास पैदल मार्ग तथा गली रामप्रसाद से पैदल सीढ़ी मार्ग को शामिल किया गया है। इन सभी क्षेत्रों में संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, आवागमन सुचारू बनाए रखने तथा यातायात संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन 24 घंटे खुले रखने तथा जिला प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
स्नान पर्व के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने एवं व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी के लिए रोशनाबाद स्थित कार्यालय जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 23 नवंबर से संचालित रहेगा। कंट्रोल रूम में कार्मिकों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 7351428593 निर्धारित किया गया है। इसके माध्यम से संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सूचनाओं का आदान-प्रदान एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया है कि हरकी पैड़ी सहित प्रमुख स्नान घाटों पर प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं के साथ पर्याप्त चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिला चिकित्सालय सहित अन्य अस्पतालों में भी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। विद्युत विभाग को स्नान पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा विद्युत लाइनों एवं उपकरणों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जल संस्थान एवं जल निगम को सभी संबंधित क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सिंचाई विभाग को गंगा के सभी घाटों एवं स्नान स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत संबंधी कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग को आगजनी एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां रखने तथा नगर निगम को प्रमुख स्नान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त अपर रोड एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, पार्किंग स्थलों का उचित प्रबंधन करने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। मनसा देवी मंदिर में ट्रॉली संचालन एवं पैदल मार्ग से संबंधित व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तैनात किए गए सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तथा बिना अनुमति अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेंगे। यदि किसी अधिकारी का स्थानांतरण अन्यत्र होता है तो उसके स्थान पर तत्काल दूसरे अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *