फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा उत्तराखंड, गोवा में फिल्मकारों ने साझा किए अनुभव

IFFI-2026 के Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग डेस्टिनेशन्स पर सत्र में चर्चा

फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में उपलब्ध सुविधाओं, फिल्म सब्सिडी और शूटिंग की संभावनाओं से कराया गया अवगत

गोवा, 22 नवंबर 2026। 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत आयोजित Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति एवं शूटिंग डेस्टिनेशन्स को लेकर विशेष पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया। ‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर आयोजित इस सत्र में उत्तराखंड को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं, फिल्मकारों को दी जा रही सुविधाओं और राज्य की फिल्म प्रोत्साहन नीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

पैनल डिस्कशन में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक तथा प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने और उत्तराखंड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि नीति के अंतर्गत पात्रता एवं निर्धारित शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसके साथ ही सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया के माध्यम से फिल्मकारों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हिमालयी प्राकृतिक दृश्य, नदियां, पर्वतीय स्थल, ऐतिहासिक एवं विरासत भवन तथा समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं फिल्मकारों को शूटिंग के लिए विविध लोकेशन्स उपलब्ध कराती हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार सहित गढ़वाल एवं कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं। फिल्म नीति का प्रमुख आधार 3T यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी है, जिसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों एवं तकनीशियनों को अवसर देने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट को जियो हॉटस्टार ने कहानी सुनने के बाद कमीशन किया था। उन्होंने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और यहां काम करने के अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए एक सशक्त इकोसिस्टम विकसित करने की आवश्यकता है, जिससे अधिक से अधिक फिल्मकार यहां आकर्षित हों।

प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने उत्तराखंड में अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है। फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के उद्देश्य से वह 17 बार उत्तराखंड आए। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और आत्मीयता की सराहना करते हुए बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया।

सत्र के माध्यम से उत्तराखंड की फिल्म नीति, फिल्म सब्सिडी, प्राकृतिक शूटिंग स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के समक्ष प्रस्तुत किया गया। फिल्म निर्माण गतिविधियों से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों के साथ होटल, परिवहन, आतिथ्य एवं पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावनाओं पर जोर दिया गया।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *