मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मेलाधिकारी कुंभ श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पांचवे दिन भी जारी रहा विशेष स्वच्छता अभियान

विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, आश्रमों एवं निजी संस्थानों ने गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और औद्योगिक क्षेत्रों में चलाया सफाई अभियान

मां चंडी देवी उड़न खटोला के आसपास एवं नेशनल हाईवे पर 205 किलोग्राम गीला एवं सूखा कूड़ा किया गया एकत्रित

मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान में सामाजिक संस्थाओं, आश्रमों और स्थानीय लोगों ने किया सहयोग

श्रद्धालुओं एवं दुकानदारों को स्वच्छता और श्रमदान के महत्व के प्रति किया गया जागरूक

आज चलाए गए सफाई अभियान में 24 संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग

हरिद्वार,  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में मेलाधिकारी कुंभ श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में तीर्थनगरी हरिद्वार में लगातार पांचवें दिन भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, आश्रमों, सामाजिक संगठनों एवं निजी संस्थानों द्वारा गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण क्षेत्रों तथा औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। अभियान का उद्देश्य मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं और आमजन को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
रविवार को चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान में रामराज ग्रामोद्योग, आस्था सेवा संस्थान, भुवनेश्वरी संस्थान, वसुदेव कुटुंबकम, बीइंग भागीरथी, सप्तऋषि कुटीर, उत्तराखंड ब्रह्मांड महासभा, बहुउद्देशीय लोक सेवा संस्थान, विलेज डेवलपमेंट सोसाइटी, कृपाल शिक्षण संस्थान, श्री प्रेम प्रकाश आश्रम, बाबा बंसी वाले आश्रम, श्री अखंड अखाड़ा परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला, स्काउट एंड गाइड, गंगा सेवा ट्रस्ट, ऑल इंडिया ब्राह्मण सभा, श्री गुरु नानक देव जी घाट संख्या-8, श्री गंगा सभा हरिद्वार, पंचायती अखाड़ा निर्मल, रोटरी क्लब हरिद्वार एवं सेवा भारती सहित विभिन्न संस्थाओं ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त प्रेम नगर आश्रम तथा अन्य संबंधित संस्थानों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। श्री अखंड अखाड़ा परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला की ओर से शीतला माता घाट, गंगा सेवा ट्रस्ट की ओर से भीमगोडा तथा सेवा भारती की ओर से गोविंद घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। श्री प्रेम प्रकाश आश्रम द्वारा अमरपुर, सर्वानंद एवं सतनाम घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया, जबकि प्रेम नगर आश्रम की ओर से आश्रम घाट सहित आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। विभिन्न संस्थाओं के स्वयंसेवियों ने घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
इसी क्रम में उषा ब्रेको लिमिटेड, मां चंडी देवी उड़न खटोला के कर्मचारियों ने चंडी देवी ऑटो स्टैंड के कर्मचारियों एवं दुकानदारों के साथ मिलकर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उड़न खटोला के आसपास तथा नेशनल हाईवे पर सफाई की गई। अभियान में कुल 205 किलोग्राम कूड़ा एकत्रित किया गया, जिसमें 70 किलोग्राम सूखा कूड़ा और 135 किलोग्राम गीला कूड़ा शामिल है। सफाई अभियान के साथ-साथ तीर्थयात्रियों एवं दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने तथा श्रमदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं, सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड द्वारा सिडकुल सेक्टर-8 में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
विशेष स्वच्छता अभियान के माध्यम से आमजन, श्रद्धालुओं, दुकानदारों एवं विभिन्न संस्थाओं से अपील की जा रही है कि वे गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें। मां गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान निरंतर जारी है।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *