आभा आईडी लिंकेज में तेजी लाने के निर्देश

सीएमओ ने ली सीएचओ की वर्चुअल बैठक, एनसीडी कार्यक्रम की हुई समीक्षा

निर्धारित लक्ष्य पूरा करने को दी दो सप्ताह की डेडलाइन

गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान आभा आईडी को एनसीडी पोर्टल से लिंक करने की धीमी प्रगति पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को आगामी दो सप्ताह में आभा आईडी लिंकेज के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दो सप्ताह बाद एनसीडी कार्यक्रम की पुनः समीक्षा की जाएगी तथा अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर जनपद में संचालित एनसीडी कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में कार्यक्रम समन्वयक विजय रावत ने बताया कि जनपद में 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य गैर संचारी रोगों की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत अब तक 95,123 लोगों का पंजीकरण किया गया है, जिसके सापेक्ष 25,647 लोगों की आभा आईडी एनसीडी पोर्टल से लिंक की जा चुकी हैं।
आभा आईडी लिंकेज की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पारूल गोयल ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अभियान के रूप में कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनसीडी रोगियों की बेहतर निगरानी एवं उपचार की निरंतरता के लिए डिजिटल रिकॉर्ड को अद्यतन रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग की आबादी की उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य गैर संचारी रोगों की नियमित स्क्रीनिंग कर रोगियों को आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग में तेजी लाने तथा संदिग्ध मामलों को समय पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि एनसीडी रोगों की रोकथाम के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने स्क्रीनिंग एवं उपचार से संबंधित सभी आंकड़ों की समयबद्ध एवं सही ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आवश्यक दवाओं, बीपी जांच उपकरण, ग्लूकोमीटर एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। कम प्रगति वाले क्षेत्रों की विशेष समीक्षा करते हुए संबंधित सीएचओ को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि एनसीडी कार्यक्रम की दो सप्ताह बाद पुनः समीक्षा की जाएगी। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *