मतदाता सूची से वंचित पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

8 से 10 अक्टूबर तक बूथ तथा 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर सत्यापन

डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए पारदर्शिता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश

देहरादून, । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के उपरांत निर्वाचन नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने हेतु चालाये जाने वाले विशेष अभियान के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार कलेक्ट्रेट में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधयों के साथ बैठक आयोजित की गई। भारतीय नागरिक पात्र मतदाताओं जो निर्वाचन नामावली में नाम जुड़ने से वंचित रह गए हैं को मतदाता सूची में शामिल किए जाने तथा अभियान को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जो भारतीय नागरिक पात्र मतदाता के रूप में मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह गए हैं, उन्हें मतदाता सूची में जोड़ने के 08 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक 3 दिनों तक बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके उपरांत 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन करते हुए पात्र नागरिकों को नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संपादित करने के लिए निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपनी-2 विधानसभा में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ टेबल-टॉप बैठक आयोजित की जाए तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को भी अभियान की प्रक्रिया, दायित्व एवं निर्धारित समय-सारणी के संबंध में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर घर-घर सत्यापन तक प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्राप्त आवेदनों एवं फॉर्म-6 की नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए क्षेत्रवार एवं बूथवार प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करते हुए प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली, कांग्रेस से जसविन्दर सिंह गोगी, सीपीआई(एम) से अनंत आकाश, आम आदमी पार्टी से कमल राणा, कांग्रेस के सनील जायसवाल उपस्थित रहे। समसत निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारी आनलाईन माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *