
भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून द्वारा रुद्रपुर में ‘मानक महोत्सव 2026’ का आयोजन

सतत विकास लक्ष्य-7 के अंतर्गत किफायती एवं स्वच्छ ऊर्जा तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में मानकीकरण के महत्व पर दिया गया जोर रूद्रपुर, मानक दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा कार्यालय द्वारा स्थानीय होटल में ‘मानक महोत्सव 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “बेहतर विश्व के लिए साझा दृष्टिकोणः सतत विकास लक्ष्य-7- किफायती एवं स्वच्छ ऊर्जा” रहा। कार्यक्रम में उद्योग जगत, MSMEs तथा अन्य हितधारकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और मानकीकरण, गुणवत्ता, उपभोक्ता हितों तथा स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा के महत्व पर विचार-विमर्श किया।
सिडकुल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में मानकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उपभोक्ता-केंद्रित उत्पादों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भारतीय मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध हो सकें।
बीआईएस के निदेशक हेमंत आड़े ने भारतीय मानक ब्यूरो की भूमिका, विभिन्न नवीन पहलों तथा उद्योगों के लिए अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीआईएस द्वारा लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं को अधिक सुगम एवं उद्योग-अनुकूल बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लागू प्रावधानों के अंतर्गत संबंधित लाइसेंस अब एक बार में पांच वर्ष की अवधि के लिए जारी किए जा रहे हैं, जिससे उद्योगों को अनुपालन में सुविधा मिलती है। बीआईएस देहरादून शाखा कार्यालय के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने उपभोक्ता-केंद्रित पहलों पर प्रकाश डालते हुए BIS Care मोबाइल ऐप की प्रमुख विशेषताओं के बारे में बताया। उन्होंने विशेष रूप से हॉलमार्क वाले स्वर्ण आभूषणों की पहचान एवं सत्यापन से संबंधित सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि BIS Care ऐप में हॉलमार्क वाले स्वर्ण आभूषण की तस्वीर और वजन जैसी जानकारियां उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराने की सुविधा उपभोक्ता जागरूकता और पारदर्शिता को बढ़ावा देती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से उत्पादों की गुणवत्ता एवं प्रमाणन संबंधी जानकारी की जांच करने तथा बीआईएस की डिजिटल सुविधाओं का उपयोग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान V&Guard Industries तथा Greenpanel Limited के प्रतिनिधियों द्वारा किफायती एवं स्वच्छ ऊर्जा विषय पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में ऊर्जा दक्षता, स्वच्छ ऊर्जा समाधानों तथा सतत विकास को प्रोत्साहित करने में गुणवत्ता और मानकों की भूमिका पर जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि भारतीय मानक उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के साथ-साथ उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उद्योगों, MSMEs और उपभोक्ताओं के बीच मानकीकरण के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाना गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और सेवाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में आवश्यक है।
मानक महोत्सव 2026 ने उद्योग जगत और अन्य हितधारकों को भारतीय मानकों, उपभोक्ता संरक्षण, सरल अनुपालन तथा किफायती एवं स्वच्छ ऊर्जा के संबंध में विचारों और तकनीकी जानकारी के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में सिडकुल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, Persistent UP&UK Plywood के आर. के. मिधा तथा जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक योगिता जोशी सहित विभिन्न उद्योगों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
