‎कांवड़ मेला-2026: डीएम और एसएसपी ने यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर परखी तैयारियां, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

‎मुनिकीरेती में समीक्षा बैठक में सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, पार्किंग, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा

‎ सूचना/टिहरी/ ‎कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शुक्रवार को मुनिकीरेती एवं तपोवन क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों एवं प्रमुख व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके उपरांत नगर पालिका सभागार, मुनिकीरेती में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

‎निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जानकी पुल, मुनिकीरेती, तपोवन क्षेत्र, रामझूला पुल तथा बजरंग सेतु सहित प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान रामझूला पुल को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। उन्होंने पुलिस एवं एसडीआरएफ की तैनाती, घाटों की सुरक्षा, शौचालय, पार्किंग तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने, गंगा के जलस्तर की निरंतर निगरानी रखने, आवश्यकता पड़ने पर समय से चेतावनी प्रसारित करने तथा सभी ड्यूटी स्थलों पर कार्मिकों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलों पर किसी भी प्रकार की क्षति होने पर तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

‎जिलाधिकारी ने लक्ष्मण झूला, जानकी सेतु एवं बजरंग सेतु पर समय से व्यू-कटर लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को पुलों पर रुककर फोटो एवं वीडियो बनाने से रोका जाए, ताकि अनावश्यक भीड़ न लगे और आवागमन सुरक्षित एवं सुचारु बना रहे। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, नियमित साफ-सफाई एवं प्रभावी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

‎इस दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ढालवाला, चन्द्रभागा एवं मुनिकीरेती पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पार्किंग स्थलों पर विद्युत, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने, पार्किंग रेट सूची प्रदर्शित करने तथा पार्किंग पर्ची पर पार्किंग स्थल का नाम एवं संपर्क नंबर अंकित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मुनिकीरेती को कांवड़ यात्रा मार्ग एवं पार्किंग स्थलों पर स्मार्ट टॉयलेट, मोबाइल टॉयलेट एवं पिंक टॉयलेट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

‎संयुक्त निरीक्षण के दौरान भद्रकाली क्षेत्र में स्थापित की जाने वाली एलईडी स्क्रीन को आई-लेवल पर लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं को यातायात रूट प्लान, मौसम संबंधी जानकारी एवं अन्य आवश्यक सूचनाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकें। इस दौरान उन्होंने भद्रकाली में निर्माणाधीन पुलिस बैरक का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को रैन बसेरा संचालित अवस्था में रखने, प्रमुख स्थलों पर साइनेज लगाने, खोया-पाया केंद्र स्थापित करने तथा चेंजिंग रूम की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

‎इसके उपरांत नगर पालिका सभागार, मुनिकीरेती में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पूर्व वर्षों के अनुभवों के आधार पर यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा से संबंधित सभी रेखीय विभागों को कंट्रोल रूम स्थापित कर 24×7 कार्मिकों की ड्यूटी सुनिश्चित करने तथा नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग एवं समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

‎बैठक में कांवड़ मेला-2026 के सफल संचालन को लेकर स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, यातायात एवं परिवहन प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सुरक्षा, होटल एवं ढाबों में साफ-सफाई एवं रेट सूची का अनिवार्य प्रदर्शन, पार्किंग व्यवस्था तथा कानून एवं शांति व्यवस्था सहित विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

‎जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, नगर पालिका मुनिकीरेती एवं नगर पंचायत तपोवन को कांवड़ क्षेत्र में स्थित विद्युत पोल, स्ट्रीट लाइट पोल एवं अन्य संरचनाओं की सुरक्षा जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों एवं टावरों की बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विद्युत पोल का सेफ्टी ऑडिट कराने के भी निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को सभी घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने एवं सुरक्षा उपकरणों की जांच, वन विभाग को यात्रा मार्ग पर बाधक पेड़ों की समयबद्ध लॉपिंग-चॉपिंग तथा नीर वाटर फॉल को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए।

‎खाद्य सुरक्षा विभाग एवं जिला पूर्ति अधिकारी को पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त अभियान चलाकर होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंटों का नियमित निरीक्षण करने तथा रेट सूची प्रदर्शित कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निकायों को विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने तथा अग्निशमन विभाग को सभी उपकरण पूर्णतः क्रियाशील रखने को कहा।

‎मुख्य चिकित्साधिकारी को कांवड़ यात्रा मार्ग पर एंबुलेंस तैनाती के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने, आवश्यक स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने तथा यात्रा अवधि में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो आश्रम एवं स्वयंसेवी संस्थाएं स्वास्थ्य शिविर लगाना चाहती हैं, उनके साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

‎वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में अधिकारियों एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी, प्रभावी भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों एवं घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों के लिए क्यूआरटी की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा कांवड़ यात्रा के लिए तैयार किए गए यातायात प्रबंधन एवं ट्रैफिक प्लान की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

‎बैठक के दौरान नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भण्डारी, थाना प्रभारी मुनिकीरेती प्रदीप चौहान, अधिशासी अधिकारी तपोवन एवं मुनिकीरेती, ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष राजेश लांबा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

‎सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, टिहरी गढ़वाल


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *