*जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सुमन नगर, बहादराबाद में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु संयुक्त निरीक्षण*
*जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी सहित सिंचाई, राजस्व, पुलिस, विकास एवं जल संस्थान की संयुक्त टीम ने सुमन नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया*
*जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान के लिए ह्यूम पाइप डालने, नाले की सफाई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने तथा प्रभावित क्षेत्र में कीटनाशक छिड़काव के निर्देश दिए गए*
*हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सुमन नगर, बहादराबाद में जलभराव की शिकायत प्राप्त होने पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराया।
निरीक्षण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता, राजस्व विभाग के पटवारी/लेखपाल, सुमन नगर चौकी प्रभारी तथा विकास विभाग के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित अन्य अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।
संयुक्त निरीक्षण के उपरांत सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया कि जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए दो स्थानों पर 10-10 फीट के ह्यूम पाइप डाले जाएं तथा जेसीबी मशीन के माध्यम से नाले की सफाई एवं आवश्यक खुदाई कर जल निकासी को सुचारु बनाया जाए।

इसके अतिरिक्त सहायक विकास अधिकारी (एडीओ), बहादराबाद द्वारा प्रभावित क्षेत्र में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया। राजस्व विभाग के लेखपाल को निर्देश दिए गए कि गली नंबर-3 के समीप स्थित एयरटेल टावर से संबंधित फर्म से समन्वय स्थापित कर टावर के आसपास जल निकासी एवं मिट्टी/आरबीएम भरान की समुचित व्यवस्था कराई जाए।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जलभराव से क्षतिग्रस्त सड़क पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जल संस्थान द्वारा क्षेत्र में लगातार जल निकासी का कार्य किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जलभराव की समस्या का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।