मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने न्यूज 18 के ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में प्रदेश के विकास विजन को किया साझा

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर के एक स्थानीय होटल सभागार में न्यूज 18 समूह द्वारा आयोजित ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखण्ड के समग्र विकास, औद्योगिक प्रगति, आधारभूत संरचना के विस्तार, रोजगार, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था एवं सुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधम सिंह नगर उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन है और जनपद से उनका विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं संभावनाओं से वे भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर आज प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है तथा राज्य की आर्थिक प्रगति में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखण्ड में सड़क संपर्क व्यवस्था का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। ऑल वेदर रोड, एक्सप्रेस-वे और अन्य सड़क परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में यातायात पहले की अपेक्षा अधिक सुगम, सुरक्षित एवं तेज हुआ है, जिससे उद्योग, व्यापार, पर्यटन और आम जनमानस सभी को लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड को दूसरे एम्स की सौगात दी गई है, जिसका निर्माण किच्छा में तेजी से चल रहा है। इसके पूर्ण होने पर केवल ऊधम सिंह नगर ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊँ मंडल एवं उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस परियोजना को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर है और इसे शीघ्र ही जनसेवा के लिए समर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से विकसित किए जाने के बाद यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन संभव होगा, जिससे प्रदेश में पर्यटन, निवेश, उद्योग एवं व्यापार को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधम सिंह नगर में मेलाघाट, सिसैया और नारायण नगर जैसे सीमांत गांव स्थित हैं। प्रधानमंत्री द्वारा सीमांत गांवों को देश का “प्रथम गांव” मानने की नई सोच के अनुरूप इन क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और विकास के समान अवसर उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधम सिंह नगर वास्तव में “मिनी इंडिया” है, जहां देश के विभिन्न राज्यों से आए लोग वर्षों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता के साथ रहते हैं। यही विविधता इस जनपद की सबसे बड़ी शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार और भू-माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए अब तक 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह भूमि जनता की संपत्ति है और इसका उपयोग केवल जनकल्याण एवं विकास कार्यों के लिए ही किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया। इस कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है, जिससे भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं का विश्वास मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति, कानून व्यवस्था और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दंगा विरोधी कानून भी लागू किया गया है। अब यदि कोई उपद्रवी सरकारी अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा तो उसकी भरपाई उसी से कराई जाएगी। इससे कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है तथा अराजक तत्वों में कानून का भय उत्पन्न हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक जनपद, प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक प्रदेश समान रूप से विकसित होगा। उत्तराखण्ड सरकार इसी सोच के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प केवल वर्तमान का विकास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखण्ड प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के सतत प्रयासों से ऊधम सिंह नगर सहित पूरा उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में जनपद प्रभारी/परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा,सांसद अजय भट्ट,विधायक शिव अरोरा,त्रिलोक सिंह चीमा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य,मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू,हुकम सिंह कुंवर, उत्तम दत्ता,जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल,मनोज पाल,जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व जनता मौजूद थे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *