
बीआईएस लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, गुणवत्ता मानकों के प्रति किया जागरूक

मयंक की टीम ने प्रथम, अनुभव की टीम ने द्वितीय और आयुक्त की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया
हरिद्वार। धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल, सीतापुर ज्वालापुर में मंगलवार को सत्र 2026-27 के अंतर्गत भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की लेखन प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता, लेखन कौशल और गुणवत्ता मानकों के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन क्षमता एवं सृजनात्मक सोच विकसित करने के साथ दैनिक जीवन में गुणवत्ता मानकों के महत्व को समझाना था। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के निदेशक मुकुल चौहान, प्रधानाचार्या साधना भाटिया एवं मेंटर प्रिया गोदियाल के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता में नितिन सर एवं कंचन मैम ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के परिणामों में मयंक की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम में रितिका, प्रियांशी, शृजल एवं काव्य शामिल रहे। अनुभव की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जिसमें अक्षरा, केशव, भावना एवं प्रतीक शामिल थे। वहीं आयुक्त की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस टीम में मानसी, प्रणवी, गौरी एवं मान शामिल रहे।
प्रतियोगिता सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक विद्यालय परिसर में आयोजित हुई। समापन पर समन्वयक शिक्षक, निर्णायकों, शिक्षकों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ गुणवत्ता के प्रति जागरूक बनने का प्रेरक अवसर प्रदान किया।
